GIDA में सीएम करेंगे फ्लैटेड फैक्ट्री का लोकार्पण:हजार से अधिक को मिलेगा रोजगार, खरीफ गोष्ठी में भी शामिल होंगे

GIDA में सीएम करेंगे फ्लैटेड फैक्ट्री का लोकार्पण:हजार से अधिक को मिलेगा रोजगार, खरीफ गोष्ठी में भी शामिल होंगे

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बुधवार को एनेक्सी भवन सभागार में सुबह 10.30 बजे से आयोजित होने वाली तीन मंडलों की संयुक्त खरीफ गोष्ठी में शामिल होंगे। इस गोष्ठी में कृषि, पशुपालन सहित विभिन्न विभागों के प्रमुख सचिव के साथ ही गोरखपुर, बस्ती और आजमगढ़ के कमिश्नर, डीएम, सीडीओ सहित सभी संबंधित विभागों के अधिकारी और प्रगतिशील किसान भी मौजूद रहेंगे। गोष्ठी से निकलने के बाद मुख्यमंत्री 11.30 बजे के करीब गोरखपुर के औद्योगिक विकास प्राधिकरण (GIDA) के सेक्टर-13 में बने फ्लैटेड फैक्ट्री कॉम्प्लेक्स का लोकार्पण करेंगे। 42 करोड़ 50 लाख रुपये की लागत से बनकर इस फ्लैटेड फैक्ट्री कॉम्प्लेक्स का उद्घाटन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ करेंगे। इसमें प्लग एंड प्ले आधार पर रेडीमेड गारमेंट की सुविधा मिलेगी। लगभग 80 उद्यमियों को यहां जगह आवंटित की जाएगी। इस अवसर पर सीएम योगी, गीडा औद्योगिक क्षेत्र में एलआईजी-ईडब्ल्यूएस आवासीय परिसर का उद्घाटन करने के साथ करीब 208 करोड़ रुपये के विकास कार्यों की सौगात भी देंगे। MSME उद्योगों को मिलेगा बड़ा फायदा गीडा में तैयार किया गया फ्लैटेड फैक्ट्री कॉम्प्लेक्स प्रदेश का दूसरा ऐसा प्रोजेक्ट है। इससे पहले कानपुर में इस तरह का कॉम्प्लेक्स बनाया गया था। यह परियोजना विशेष रूप से सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (एमएसएमई) इकाइयों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से तैयार की गई है। करीब 2.68 एकड़ क्षेत्रफल में बने इस कॉम्प्लेक्स में एक इंडस्ट्रियल ब्लॉक (जी+3) और एक यूटिलिटी ब्लॉक (जी+1) बनाया गया है। इंडस्ट्रियल ब्लॉक में 80 औद्योगिक यूनिट्स के लिए जगह उपलब्ध कराई गई है, जबकि यूटिलिटी ब्लॉक में 42 यूनिट्स बनाई गई हैं। प्लग एंड प्ले सुविधा से तुरंत शुरू हो सकेगा कारोबार फ्लैटेड फैक्ट्री कॉम्प्लेक्स की सबसे बड़ी विशेषता इसकी प्लग एंड प्ले सुविधा है। इसका मतलब है कि उद्यमियों को फैक्ट्री शुरू करने के लिए अलग से बुनियादी सुविधाएं विकसित नहीं करनी पड़ेंगी। बिजली, पानी और अन्य जरूरी व्यवस्थाएं पहले से उपलब्ध होंगी, जिससे यूनिट आवंटित होते ही उत्पादन कार्य शुरू किया जा सकेगा। यूटिलिटी ब्लॉक में बैंक, गोदाम, सेल्स शोरूम और अन्य व्यावसायिक गतिविधियों के लिए स्थान उपलब्ध कराया जाएगा। इस परियोजना से सीधे तौर पर करीब 1000 लोगों को रोजगार मिलने की संभावना है। रेडीमेड गारमेंट, आईटी, फार्मा और अन्य प्रदूषण रहित उद्योगों को इससे विशेष लाभ मिलेगा। गीडा में बुनियादी सुविधाओं का होगा विस्तार इस अवसर पर गीडा के विभिन्न औद्योगिक सेक्टरों में 71 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास भी किया जाएगा। इन परियोजनाओं पर कुल 207.96 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। इन कार्यों में सड़क निर्माण, नालियां, पुलिया, बिजली व्यवस्था, वेस्ट मैनेजमेंट, वाटर ट्रीटमेंट प्लांट, सीवरेज नेटवर्क और अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़े विकास कार्य शामिल हैं। इन परियोजनाओं से औद्योगिक क्षेत्र की आधारभूत संरचना और मजबूत होगी तथा निवेशकों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। श्रमिकों को मिलेगा अपना घर गीडा के सेक्टर-11 स्थित कालेसर क्षेत्र में कामगारों के लिए बनाए गए 96 फ्लैटों वाले आवासीय परिसर का भी उद्घाटन किया जाएगा। यह योजना गीडा की औद्योगिक इकाइयों में काम करने वाले श्रमिकों को उनके कार्यस्थल के नजदीक आवास उपलब्ध कराने के उद्देश्य से तैयार की गई है। करीब 18.54 करोड़ रुपये की लागत से बने इस आवासीय परिसर में 48 ईडब्ल्यूएस और 48 एलआईजी फ्लैट बनाए गए हैं। परियोजना में 11.02 करोड़ रुपये की सब्सिडी भी दी गई है। ईडब्ल्यूएस फ्लैट की अनुमानित कीमत 5.13 लाख रुपये और एलआईजी फ्लैट की कीमत 10.53 लाख रुपये रखी गई है। तीन टावरों में बने इन फ्लैटों का आवंटन गीडा की इकाइयों में कार्यरत श्रमिकों को ई-लॉटरी के माध्यम से किया गया है। आवासीय परिसर में पार्क, सामुदायिक केंद्र, खेल मैदान और व्यावसायिक केंद्र जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई गई हैं, जिससे श्रमिकों और उनके परिवारों को बेहतर जीवन-स्तर मिल सकेगा। औद्योगिक विकास को मिलेगी नई गति फ्लैटेड फैक्ट्री कॉम्प्लेक्स, विकास परियोजनाओं और श्रमिक आवास योजना के शुरू होने से गीडा क्षेत्र में औद्योगिक गतिविधियों को नई गति मिलने की उम्मीद है। इससे नए निवेश आकर्षित होंगे, रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और गोरखपुर को पूर्वांचल के एक मजबूत औद्योगिक केंद्र के रूप में विकसित करने में मदद मिलेगी।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *