हरियाणा के नारनौल शहर में चोरों ने एक बंद मकान को निशाना बनाकर लाखों रुपये की नकदी और सोने-चांदी के गहनों पर हाथ साफ कर दिया। घटना शहर थाना क्षेत्र के पुरानी मंडी स्थित CIA रोड की है। यहां के निवासी पीड़ित पुष्पेंद्र पुत्र अनुप सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह अपने गांव नोलायजा गया हुआ था और बीते कल ही वह अपने घर वापस लौटा। घर पहुंचने पर उसे चोरी की वारदात का पता चला। बच्चों की फीस के पैसे ले गए पीड़ित के अनुसार चोर घर से तीन सोने की अंगूठियां, एक चांदी की अंगूठी, एक जोड़ी पाजेब, एक सोने की चेन, एक मंगलसूत्र और दो सोने के कड़े चोरी कर ले गए। इसके अलावा घर में रखी करीब 1.50 लाख रुपये की नकदी भी गायब मिली। पुष्पेंद्र ने बताया कि यह रकम वह 23 मई को ही बैंक से बच्चों की फीस भरने के लिए निकालकर लाया था। डीवीआर भी तोड़ा चोरों ने वारदात को अंजाम देने के बाद घर में लगे कैमरे भी तोड़ दिए और DVR के साथ वाई-फाई सिम भी अपने साथ ले गए। पीड़ित की शिकायत पर थाना शहर नारनौल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने किया मामलादर्ज पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार शिकायत में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 331(4) और 305 के तहत अपराध बनता पाया गया। इसके बाद मुकदमा दर्ज कर जांच अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और चोरों की तलाश में जुटी हुई है।


