सहारनपुर की थाना कोतवाली नगर पुलिस ने दुकान से नोटों की माला चोरी करने वाले तीन शातिर चोरों को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी के 12 हजार रुपये और वारदात में इस्तेमाल की गई स्प्लेंडर बाइक बरामद की है। नया बाजार चौक निवासी अभिषेक जैन ने 22 अप्रैल 2026 को थाना कोतवाली नगर में तहरीर दी थी। उन्होंने बताया कि उनकी दुकान शादी के हार-माला और पुराने नोट बदलने का काम करती है। अभिषेक के अनुसार, 19 अप्रैल की रात वह अपने पिता के साथ दुकान पर बैठे थे। दुकान के बाहर नोटों की माला टंगी हुई थी। तभी अचानक आवाज सुनकर उन्होंने बाहर देखा तो तीन युवक बाइक पर सवार होकर सर्राफा बाजार की ओर भाग रहे थे। जांच करने पर दुकान के बाहर से नोटों की माला गायब मिली। अगले दिन सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने पर एक स्प्लेंडर बाइक दिखाई दी, जिसका नंबर आंशिक रूप से UP11AY 9399 नजर आया। पीड़ित की तहरीर के आधार पर थाना कोतवाली नगर में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। एसएसपी के निर्देश पर थानाध्यक्ष प्रमोद कुमार सिंह के नेतृत्व में एक पुलिस टीम का गठन किया गया। मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने जुबली पार्क के पास से तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान कैफ पुत्र मुस्तकीम (निवासी दया गार्डन कॉलोनी, हलालपुर, थाना कोतवाली देहात), राहिल पुत्र मुन्ना निवासी मोहल्ला मछियारान, सराय हिसामुद्दीन, थाना कुतुबशेर और आमिर पुत्र खलील निवासी मोहल्ला मछियारान, सराय हिसामुद्दीन, थाना कुतुबशेर के रूप में हुई है। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने स्वीकार किया कि उन्होंने 19 अप्रैल की रात नया बाजार स्थित दुकान से 500-500 रुपये के नोटों की माला चोरी की थी। चोरी के बाद वे बाइक से फरार हो गए थे और चोरी की रकम आपस में बांटकर खर्च कर दी थी। पुलिस ने आरोपियों के पास से 12 हजार रुपये बरामद किए हैं। मुकदमे में संबंधित धाराओं की बढ़ोतरी भी की गई है। आरोपियों को गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम में एसआई मनोज कुमार, सत्येन्द्र कुमार शर्मा और अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे।


