अमरोहा के नौगावां सादात थाना क्षेत्र में बंद पड़ी एक सहकारी कताई मिल में हुई चोरी का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। इस मामले में सात आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने उनके कब्जे से करीब 15 लाख 20 हजार रुपये कीमत का चोरी किया गया माल और वारदात में इस्तेमाल किए गए दो वाहन भी बरामद किए हैं। गिरफ्तार आरोपियों के पास से भारी मात्रा में लोहे, एल्युमिनियम और तांबे का सामान, मशीनों के पुर्जे, बिजली के उपकरण, लोहे की प्लेटें, मोटर, पुलियां, गरारी और अन्य औद्योगिक सामग्री बरामद हुई है। यह सभी सामान बंद पड़ी मिल से चुराया गया था। अपर पुलिस अधीक्षक अखिलेश भदोरिया ने बताया कि 23 मई को उत्तर प्रदेश सहकारी कताई मिल्स संघ लिमिटेड, कानपुर के विधि एवं अनुपालन अधिकारी अभिषेक मिश्र ने नौगावां सादात थाने में तहरीर दी थी। उन्होंने बंद पड़ी कताई मिल से लगातार चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई थी, जिसके बाद अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस टीम ने तेजी से कार्रवाई करते हुए 24 मई को इन आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी का खुलासा किया। धातु का सामान चुराकर अलग-अलग स्थानों पर छिपाते थे आरोपी पूछताछ के दौरान मुख्य आरोपी रिहान उर्फ सोनू ने पुलिस को बताया कि कताई मिल लंबे समय से बंद थी और वहां करोड़ों रुपये की पुरानी मशीनें मौजूद थीं। आरोप है कि मिल की देखरेख करने वाले धर्मेंद्र शुक्ला ने अपने परिचितों के साथ मिलकर मशीनों के हिस्सों को धीरे-धीरे चोरी कराने की साजिश रची। आरोपी रात के समय मिल में घुसकर मशीनों के पुर्जे और धातु का सामान चुराकर अलग-अलग स्थानों पर छिपा देते थे। पुलिस के अनुसार, करीब 30 कुंतल माल इकट्ठा होने के बाद आरोपी उसे बेचने ले जा रहे थे, तभी उन्हें पकड़ लिया गया। गिरफ्तार आरोपियों में कामरान, रिहान उर्फ सोनू, सालिम, कामिल, शहादत, सलमान और धर्मेंद्र शुक्ला शामिल हैं। पुलिस ने इनके कब्जे से लगभग 29 कुंतल लोहे का सामान, 50 किलो एल्युमिनियम और 50 किलो तांबा बरामद किया है। चोरी में इस्तेमाल एक बजाज मैक्सिमा थ्री-व्हीलर और एक ई-रिक्शा भी जब्त किया गया है। पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि गिरफ्तार किए गए कुछ आरोपियों के खिलाफ पहले से भी विभिन्न धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं।


