शाजापुर पुलिस कंट्रोल रूम में रविवार को पुलिस अधीक्षक यशपाल सिंह राजपूत ने जिले के समस्त राजपत्रित अधिकारियों और थाना प्रभारियों की अपराध समीक्षा बैठक ली। इस दौरान कानून व्यवस्था, लंबित अपराध, महिला अपराध, साइबर अपराध और आगामी त्योहारों की विस्तृत समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए। बैठक में जिला पुलिस लाइन, थाना सुंदरसी, थाना सलसलाई, थाना मोहन बड़ोदिया और थाना मक्सी को उत्कृष्ट कार्य तथा निर्धारित मानकों के अनुरूप बेहतर व्यवस्थाओं के लिए ISO सर्टिफिकेट प्रदान किए गए। एसपी राजपूत ने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को बधाई दी। एसपी राजपूत ने महिला संबंधी अपराधों के संवेदनशीलता और त्वरित निराकरण के निर्देश दिए। उन्होंने जिले में नशे के खिलाफ अभियान चलाकर COTPA एक्ट के तहत प्रभावी कार्रवाई करने तथा प्रशासन के साथ समन्वय बनाए रखने पर जोर दिया। एसपी ने चिन्हित अपराधों की सतत निगरानी कर शत-प्रतिशत सजा सुनिश्चित करने, एनडीपीएस एक्ट के मामलों में आरोपियों के डोजियर तैयार करने और गिरफ्तारी व जमानती वारंटों की समय सीमा में तामील कराने के निर्देश भी दिए। इसके अतिरिक्त, साइबर सेल द्वारा रोकी गई राशि पीड़ितों को शीघ्र लौटाने और लंबित चालानों का निराकरण करने के निर्देश दिए गए। आगामी त्योहारों के मद्देनजर सभी थाना प्रभारियों को शासकीय वाहनों में बलवा ड्रिल और अश्रु गैस सामग्री अनिवार्य रूप से रखने के निर्देश भी दिए गए।


