अम्बेडकरनगर में चार बच्चों की निर्मम हत्या के मामले में पुलिस जांच तेजी से आगे बढ़ रही है। इस सनसनीखेज वारदात में अब आरोपी मां गाजिया खातून के मोबाइल फोन को सबसे अहम सबूत माना जा रहा है। पुलिस को महिला का मोबाइल मिल गया है, जिसका लॉक खोलकर कॉल डिटेल, चैट और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की गहन जांच की जा रही है। आशंका है कि इसी मोबाइल से हत्या के पीछे की असली वजह सामने आ सकती है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, महिला के संभावित अफेयर से लेकर पारिवारिक विवाद तक हर एंगल पर जांच की जा रही है। पड़ोसियों का कहना है कि आरोपी महिला अक्सर घंटों फोन पर किसी से बात करती रहती थी, जिससे संदेह और गहरा गया है। जांच में यह भी सामने आया है कि करीब डेढ़ साल पहले महिला सऊदी अरब अपने पति के पास गई थी और वहां एक महीने तक रही थी। इसके बाद से उसके व्यवहार में बदलाव की बात भी सामने आ रही है। सीओ सिटी नीतीश तिवारी ने बताया कि घटनास्थल की जांच के दौरान बच्चों के नाखून नीले पड़े मिले, जिससे प्रथम दृष्टया जहर देने की आशंका जताई जा रही है। कमरे में उल्टी के निशान भी मिले हैं, जो इस शक को और मजबूत करते हैं कि हत्या से पहले बच्चों को कुछ जहरीला पदार्थ खिलाया गया। पुलिस यह भी खंगाल रही है कि आर्थिक तंगी या पारिवारिक तनाव इस वारदात की वजह तो नहीं। जानकारी के मुताबिक, महिला का पति उसे खर्च भेजता था, लेकिन पिछले महीने पैसे नहीं भेजे गए थे। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। मोबाइल की डिटेल और फॉरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद इस दिल दहला देने वाले हत्याकांड से जुड़े कई बड़े खुलासे होने की उम्मीद है।


