सतना शहर के बगहा बायपास स्थित सैनिक कॉलोनी में गुरुवार-शुक्रवार की दरमियानी रात एक प्रॉपर्टी डीलर के घर से 23 लाख रुपए से अधिक की चोरी हुई। चोरों ने घर में घुसकर सोने-चांदी के जेवर, 12 लाख रुपए नकद और बंदूक के कारतूस चुरा लिए। घटना की सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना पुलिस फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट और डॉग स्क्वॉड के साथ मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। ढाई बजे नींद खुली तो चोरी का पता चला
पीड़ित प्रॉपर्टी डीलर दिनेश सिंह सिद्धू ने बताया कि चोरी उनकी पत्नी के कमरे में हुई। गुरुवार रात कमरे का कूलर खराब होने के कारण उनकी पत्नी दूसरे कमरे में सो गई थीं। रात करीब साढ़े 11 बजे उनका बेटा घर लौटा, जिसके बाद परिवार के सभी सदस्य अपने-अपने कमरों में सो गए। रात करीब ढाई बजे पत्नी की नींद खुली। जब वह अपने कमरे में पहुंचीं, तो वहां का नजारा देखकर चौंक गईं। कमरे की अलमारी खुली थी, सामान फर्श पर बिखरा पड़ा था और लॉकर टूटा हुआ था। उनके शोर मचाने पर परिवार के अन्य सदस्य भी जाग गए। आशंका- पीछे के दरवाजे से दाखिल हुए थे बदमाश
पीड़ित परिवार के अनुसार, चोर घर से लगभग 26 तोला सोने के जेवर, डेढ़ किलोग्राम चांदी और करीब 12 लाख रुपए नकद लेकर फरार हुए हैं। चोरी गए सामान की कुल कीमत 23 लाख रुपए से अधिक आंकी गई है। मकान के पीछे दो दरवाजे बने हुए हैं और आशंका है कि बदमाश उन्हीं रास्तों से घर में दाखिल हुए थे। जांच के दौरान, पुलिस डॉग कमरे से होते हुए मकान के पीछे और फिर बायपास की दिशा में गया। इससे यह अनुमान लगाया जा रहा है कि चोर उसी रास्ते से भागे होंगे। लोडेड बंदूक से निकाली गोलियां, 25 कारतूस भी ले गए
वारदात के दौरान बदमाशों के हाथ घर में रखी डबल बैरल बंदूक भी लगी। जानकारी के मुताबिक बंदूक लोडेड थी। चोरों ने बंदूक को अनलॉक कर उसमें भरी गोलियां निकाल लीं और वहां रखे करीब 25 कारतूस भी अपने साथ ले गए। पीड़ित ने पुलिस को बताया कि परिवार की सुरक्षा के मद्देनजर बंदूक हमेशा लोड रखी जाती थी। हालांकि बदमाश बंदूक अपने साथ नहीं ले गए, लेकिन कारतूस और गोलियां गायब मिलीं। लॉकर तोड़ा, परिवार को भनक तक नहीं लगी
पुलिस के मुताबिक, वारदात के समय पूरा परिवार गहरी नींद में था। चोरों ने बेहद शातिर तरीके से लॉकर तोड़ा और कमरे को खंगाल डाला, लेकिन किसी को इसकी भनक तक नहीं लगी। खास बात यह रही कि बदमाशों ने केवल उसी कमरे को निशाना बनाया, जहां नकदी और जेवर रखे थे। मकान में सीसीटीवी कैमरे नहीं लगे होने के कारण पुलिस को जांच में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। फिलहाल पुलिस आसपास लगे कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ ही संदिग्धों और पुराने अपराधियों से पूछताछ कर रही है। पुलिस ने पीड़ित परिवार से चोरी गए सामान की विस्तृत सूची भी मांगी है। टीआई योगेन्द्र सिंह ने बताया कि सारे पहलुओं की जांच की जा रही है। साथ ही चोरी गए सामान और घर पर इतना अधिक कैश रखे होने की भी पड़ताल की जा रही है।


