गोरखपुर में शनिवार को गोरखनाथ थानाक्षेत्र के धर्मशाला तिराहे पर शनिवार की देर रात तेज रफ्तार थार ने 3 युवकों को पीछे से जबरदस्त ठोकर मार दी, इसके बाद थार सवार मौके पर ही गाड़ी छोड़कर भाग गए। आस-पास के लोगों ने घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। जहां से थोड़ी देर बाद परिजन घायलों को लेकर निजी अस्पताल में चले गए। हादसे की सूचना पर पहुंची पुलिस BR-29-BF-9230 नंबर की थार कब्जे में लेकर गाड़ी पुलिस लाइन भिजवा दिया है। तेज टक्कर की वजह से गाड़ी का अगला पहिया भी निकल गया है। पुलिस के मुताबिक गाड़ी बिहार सिवान से रजिस्टर्ड है। गाड़ी चलाने वाले की तलाश की जा रही है।
तेज रफ्तार सफेद थार ने तीन युवकों को उड़ाया, हालत गंभीर
जानकारी के मुताबिक गोरखनाथ क्षेत्र के धर्मशाला बाजार निवासी शैलेश रौनियार समेत दो अन्य युवक थार की टक्कर से घायल हुए हैं। शैलेश शादी-पार्टी में कैटरिंग उपलब्ध कराने का काम करते हैं। शैलेश ने तहरीर देते हुए बताया कि शनिवार रात अपने एक साइट से काम निपटाकर घर वापस आ रहा था। रात करीब 11:50 बजे जटाशंकर की तरफ से एक सफेद कलर की थार गाड़ी तेज रफ्तार में आई। भरत मिलाप तिराहे पर पीछे से मेरी पल्सर बाइक में टक्कर मार दी। जिसके बाद मैं दूर जाकर गिरा। इस दौरान दो और युवक गाड़ी की चपेट में आ गए।
गाड़ी छोड़कर भागे सवार, पुलिस ने कब्जे में लिया
हादसे के बाद थार गाड़ी भी आगे से डैमेज हो गई। आरोप लगाया कि उसमे सवार युवक गाड़ी से उतरकर भागने लगे। इस दौरान मेरी जेब से कैंटरिंग का पैसा भी लेकर भाग गए। बताया जा रहा है कि देर रात हुए हादसे के बाद मनबढ़ों ने गाड़ी उठाने के लिए एक क्रेन भी भेजी थी। क्रेन आकर गाड़ी को उठाने की कोशिश भी की। लेकिन तभी पुलिस आ गई। पुलिस ने गाड़ी अपने कब्जे में ले लिया। इस संबंध में गोरखनाथ थाना प्रभारी विजय प्रताप सिंह ने बताया कि रात के समय हादसा हुआ है। गाड़ी कब्जे में ले ली गई है, गाड़ी मालिक की तलाश की जा रही है।


