हाथरस के सासनी में आगरा-अलीगढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर बुधवार शाम एक दुर्घटनाग्रस्त कार में भीषण आग लग गई। प्रकाश एकेडमी स्कूल के निकट हुई इस घटना के कारण राजमार्ग पर यातायात पूरी तरह बाधित हो गया और अफरा-तफरी मच गई। शाम करीब 6:30 बजे अलीगढ़ की ओर से एक वाहन दुर्घटनाग्रस्त कार को खींचकर हाथरस की तरफ ले जा रहा था। इसी दौरान अज्ञात कारणों से कार में अचानक आग लग गई और वह धू-धू कर जलने लगी। आग लगते ही कार को खींचकर ला रहा वाहन चालक अपनी गाड़ी सहित मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और दमकल विभाग को सूचित किया। पुलिस ने यातायात कराया सुचारू दमकल की गाड़ी ने पुलिस के सहयोग से कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग पूरी तरह बुझने के बाद पुलिस ने क्रेन की मदद से जली हुई कार को सड़क के किनारे हटवाया, जिसके बाद राजमार्ग पर यातायात सुचारु रूप से बहाल हो सका।


