अकेले रह रही 80 साल की महिला का शव मिला:लखनऊ में 3 दिन तक घर में पड़ा रहा, गंध आने पर दरवाजा तोड़कर निकाला गया

अकेले रह रही 80 साल की महिला का शव मिला:लखनऊ में 3 दिन तक घर में पड़ा रहा, गंध आने पर दरवाजा तोड़कर निकाला गया

लखनऊ के इंदिरानगर इलाके में अकेले रह रहीं 80 वर्षीय वृद्धा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। तीन दिन तक उनका शव घर के अंदर पड़ा रहा। मकान से दुर्गंध आने पर पड़ोसियों को अनहोनी की आशंका हुई। सूचना पर पहुंची गाजीपुर पुलिस ने दरवाजा तोड़कर शव बाहर निकलवाया। शनिवार को पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। गाजीपुर इंस्पेक्टर राजेश मौर्य के मुताबिक, हमीदा बानो इंदिरानगर के बी-ब्लॉक स्थित मकान में अकेले रहती थीं। पड़ोसियों ने बताया कि पिछले तीन दिनों से उनके घर का दरवाजा नहीं खुला था। शुरुआत में किसी ने इस पर ध्यान नहीं दिया। गुरुवार रात घर से तेज दुर्गंध आने लगी तो लोगों ने 112 नंबर पर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने कई बार आवाज लगाई, लेकिन अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। इसके बाद पड़ोसियों की मौजूदगी में दरवाजा तोड़ा गया। अंदर हमीदा बानो का शव पड़ा मिला। सूचना पर फोरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। स्थानीय लोगों के अनुसार, हमीदा बानो शक्ति भवन में क्लर्क के पद पर कार्यरत थीं। सेवानिवृत्ति के बाद से वह अकेले ही रह रही थीं। उनके कोई बच्चे नहीं थे। पुलिस ने पड़ोसियों से जानकारी जुटाकर पारा निवासी उनके चचेरे भाई शमीम को घटना की सूचना दी। शनिवार को पोस्टमॉर्टम के बाद शव शमीम को सौंप दिया गया। पुलिस का कहना है कि परिजनों की ओर से किसी प्रकार का आरोप नहीं लगाया गया है। शुरुआती जांच में बीमारी के चलते मौत होने की आशंका जताई जा रही है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *