हरदोई में रविवार से लापता एक ड्राइवर का शव रेलवे ट्रैक पर मिला है। बुधवार को चौथे दिन शव की शिनाख्त होने के बाद उसका पोस्टमार्टम कराया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। कोतवाली देहात के महोलिया शिवपार निवासी 45 वर्षीय सीताराम बाजपेई पुत्र राजबहादुर पेशे से ड्राइवर थे। उनके परिवार में पत्नी संगीता, एक बेटा अनिकेत और एक बेटी अंकिता हैं। सीताराम रविवार से लापता थे। शुरुआती दो दिनों तक परिवार ने उन पर ध्यान नहीं दिया। बेटा अनिकेत कार शो-रूम में नौकरी करता है। घर में पत्नी और बेटी थीं। तीसरे दिन से सीताराम की तलाश शुरू की गई। इसी बीच, अनिकेत को सूचना मिली कि पुलिस ने कोर्रिया रेलवे ट्रैक से उसके पिता के हुलिए से मिलता-जुलता एक शव बरामद किया है। सूचना मिलते ही अनिकेत कोतवाली और फिर पोस्टमार्टम हाउस पहुंचा। शव की शिनाख्त गले में पड़े जनेऊ और एक हाथ पर गुदे नाम से हुई। कोतवाली देहात पुलिस ने बुधवार को चौथे दिन शव का पोस्टमार्टम कराया। पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की गहराई से जांच की जा रही है। परिवार ने बताया है कि सीताराम भूसा खरीदने के लिए निकले थे।


