अबोहर के सरकारी अस्पताल के टीबी वार्ड में भर्ती मरीज गर्मी और अव्यवस्थाओं से जूझ रहे हैं। वार्ड में खराब पंखों और कूलरों के कारण मरीजों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वार्ड में लगे दो पंखों में से एक खराब है। दो कूलरों में से एक बंद पड़ा है, जबकि दूसरा बिना पानी के चल रहा है और गर्म हवा दे रहा है। इस कूलर की जालियां भी गायब हैं। टीबी वार्ड में कुल छह बेड हैं, जो सभी भरे हुए हैं। भर्ती मरीजों सुमन रानी, लाली देवी, निर्मल कौर और विनोद कुमार ने बताया कि दोपहर के समय वार्ड में रहना बेहद मुश्किल हो जाता है। उन्होंने शिकायत की कि कूलरों में पानी नहीं डाला जाता और एक कूलर को प्लाई लगाकर बंद कर दिया गया है। मरीज बोले- सांस लेने में दिक्कत होती है मरीजों ने बताया कि वे पहले से ही बीमारी और सांस लेने में दिक्कत से परेशान हैं, और ऊपर से भीषण गर्मी ने उनकी हालत और खराब कर दी है। उन्होंने नर्सिंग स्टाफ को कई बार शिकायत की, लेकिन उन्हें कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला।ड्यूटी पर मौजूद स्टाफ नर्स ने बताया कि इस संबंध में एसएमओ और संबंधित इंचार्ज को सूचित कर दिया गया है। एसएमओ डॉ. सुरेश कंबोज ने आश्वासन दिया है कि जल्द ही सभी कूलरों को ठीक करवा दिया जाएगा। मरीजों ने यह भी आरोप लगाया कि जहां वे गर्मी से बेहाल हैं, वहीं अस्पताल के कर्मियों और डॉक्टरों के कमरों में एयर कंडीशनर (एसी) लगे हुए हैं। उनका कहना है कि कई बार कमरों में कोई मौजूद न होने पर भी एसी चलते रहते हैं, जबकि मरीजों के लिए पंखे तक ठीक से काम नहीं कर रहे। मरीजों ने यह भी बताया कि ऊपर वाली मंजिल के वार्ड में पीने के पानी का कोई इंतजाम नहीं है, जिसके कारण उन्हें नीचे से पानी लाना पड़ता है।


