सिक्योरिटी को चकमा देकर पहुंचा था फायरिंग का आरोपी, पुलिस ने बताया कैसे हुई चूक, डोनाल्ड ट्रंप ने कही जरुरी बात

सिक्योरिटी को चकमा देकर पहुंचा था फायरिंग का आरोपी, पुलिस ने बताया कैसे हुई चूक, डोनाल्ड ट्रंप ने कही जरुरी बात

White House Correspondents Dinner Firing: वॉशिंगटन में एक बेहद अहम और प्रतिष्ठित कार्यक्रम अचानक अफरा-तफरी में बदल गया। प्रेस की आजादी का जश्न मनाने के लिए आयोजित व्हाइट हाउस कॉरेस्पॉन्डेंट्स एसोसिएशन डिनर के दौरान एक हथियारबंद व्यक्ति सुरक्षा घेरा तोड़कर अंदर तक पहुंच गया। कुछ ही पलों में हालात इतने बिगड़ गए कि गोलीबारी की नौबत आ गई। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार बताया जा रहा है कि हमलावर होटल का ही गेस्ट था। यही बात सुरक्षा में बड़ी चूक बन गई। क्योंकि उसे शुरुआती स्तर की जांच से गुजरना नहीं पड़ा। वॉशिंगटन हिल्टन होटल को शाम 2 बजे से आम लोगों के लिए बंद कर दिया गया था, लेकिन मेहमानों, आमंत्रित लोगों और अधिकृत व्यक्तियों को अंदर आने की अनुमति थी। इसमें अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप भी मौजूद थे।

जान लें डिटेल्स

सबसे चौंकाने वाली बात ये रही कि होटल के मुख्य प्रवेश द्वारों पर मेटल डिटेक्टर नहीं लगाए गए थे। असली सुरक्षा जांच तो उस हिस्से में थी जहां कार्यक्रम चल रहा था। यानी बाहरी घेरा अपेक्षाकृत कमजोर था। एक वॉलंटियर, हेलेन मैबस, ने जो बताया वो और भी हैरान करने वाला है। उनके मुताबिक, हमलावर होटल के एक ऐसे हिस्से में गया जहां कोई निगरानी नहीं थी। वहां उसने अपने हथियार को तैयार किया। उन्होंने बताया कि उसने बैग से एक लंबा हथियार निकाला, जो आम बंदूक जैसा नहीं लग रहा था, और फिर उसे जोड़कर सीढ़ियों की तरफ बढ़ गया।

जैसे ही वह नीचे कार्यक्रम की ओर बढ़ा, उसने सुरक्षा जांच पॉइंट की तरफ तेजी से दौड़ लगाई। पुलिस अधिकारी जेफ कैरोल के अनुसार, उसके पास शॉटगन, हैंडगन और कई चाकू थे। लेकिन इससे पहले कि वह आगे बढ़ पाता, सुरक्षाकर्मियों ने उसे काबू कर लिया। उसे जमीन पर गिराकर हथकड़ी लगा दी गई। शुरुआती जांच में उसे अकेला हमलावर बताया गया है।

कौन है आरोपी?

आरोपी की पहचान 31 वर्षीय कोल टोमस एलेन के रूप में हुई है, जो कैलिफोर्निया के टॉरेंस का रहने वाला है। उस पर गंभीर आपराधिक आरोप लगाए गए हैं, जिनमें हथियार और हमला शामिल हैं। हालांकि अंदर मौजूद सुरक्षा व्यवस्था मजबूत थी। राष्ट्रपति की सुरक्षा के लिए अलग से कड़ा घेरा बनाया गया था। मंच के पास एजेंट्स तैनात थे और भारी हथियारों से लैस टीम हर स्थिति से निपटने के लिए तैयार थी। इस वजह से बड़ा नुकसान होने से टल गया।

ट्रंप ने क्या कहा?

फिर भी इस घटना ने साफ कर दिया कि सुरक्षा के बाहरी स्तर में खामियां थीं। इसी बीच डोनाल्ड ट्रंप ने इस घटना का जिक्र करते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों के लिए व्हाइट हाउस परिसर में एक नया और सुरक्षित बॉलरूम बनना चाहिए। उन्होंने करीब 400 मिलियन डॉलर की लागत वाली योजना की बात भी दोहराई, जो फिलहाल कानूनी प्रक्रिया में अटकी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *