Arijit Singh Birthday: कुछ दिनों पहले सिंगर अरिजीत सिंह ने प्लेबैक सिंगिंग से रिटायरमेंट लेने का ऐलान कर बॉलीवुड को बड़ा झटका दिया था। उनके रिटारमेंट की खबर से म्यूजिक इंडस्ट्री ही नहीं, सोशल मीडिया पर भी हलचल मच गई थी। अरिजीत सिंह एक ऐसे सिंगर हैं जिन्होंने बॉलीवुड में हर जॉनर के गाने गाए हैं। लेकिन रोमांटिक गानों में उनकी मखमली आवाज जो जादू बिखेरती है वो बस दिल तक उतर जाती है। शायद यही वजह है कि उनको प्यार में पागल और दिल टूटे आशिकों की आवाज भी कहा जाता है। यही वजह है कि आज वे करोड़ों लोगों के दिलों की धड़कन बन चुके हैं। मगर क्या आपको पता है कि किस फिल्म और किस गाने ने अरिजीत सिंह की किस्मत पलट दी थी।
25 अप्रैल 1987 को पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद में जन्में अरिजीत सिंह का संगीत से गहरा रिश्ता बचपन से ही था क्योंकि उनकी दादी एक क्लासिकल सिंगर थीं और उनके मामा तबला वादक थे, इसलिए बचपन से ही उनको घर-परिवार में संगीतभरा माहौल मिला और उसकी में पले-बढ़े और म्यूजिक उनके जीवन का एक अहम हिस्सा बनता चला गया और छोटी उम्र से ही उन्होंने शास्त्रीय संगीत सीखना शुरू कर दिया था।
कब शुरू हुआ सिंगिंग करियर (Arijit Singh Birthday)
बचपन से ही संगीत में रूचि रखने वाले वाले अरिजीत सिंह ने अपनी सिंगिंग करियर की शुरुआत रियलिटी शो ‘फेम गुरुकुल’ से की थी लेकिन कुछ खास सफलता हासिल नहीं हुई उनको। वो इंडस्ट्री में अपने पैर जमाने के लिए मिलने वाले हर प्रोजेक्ट पर काम करते थे। लेकिन एक दिन ऐसा आया जब उनको उनकी पहचान मिली। ये वो पल था जब साल 2013 में रिलीज हुई आदित्य रॉय कपूर और श्रद्धा कपूर की फिल्म ‘आशिकी 2’। ‘आशिकी 2’ के गाने ‘तुम ही हो’ ने उन्हें रातोंरात सिंगिंग सेंसेशन बना दिया। ये गाना सिर्फ हिट ही नहीं हुआ, बल्कि लोगों के दिलों में बस गया। इस गाने ने लोगों को खासतौर पर प्यार करने वाले लोगों के दिलों को छू लिया क्योंकि लोगो को पहली बार एक ऐसी आवाज मिली जिसमें दर्द और सच्चाई थी. बस यही पल था जिसके बाद अरिजीत सिंह ने कभी पीछे मुड़कर नहीं देखा और एक से बढ़कर एक गाने गाए और देखते ही देखते बॉलीवुड के सिंगिंग किंग बन गए।
गा चुके हैं 400 से ज्यादा गाने
अरिजीत सिंह अपने सिंगिंग करियर में 400 से ज्यादा गाने गए चुके हैं। उन्होंने इंडस्ट्री को एक से बढ़कर एक हिट गाने दिए हैं, जिनमें धुरंधर का ‘गहरा हुआ…’, ‘अपना बना ले पिया’, ‘केसरिया…’ और ‘चन्ना मेरेया’ जैसे गाने गाए हैं। म्यूजिक इंडस्ट्री के रोमांटिक किंग अरिजीत सिंह ने दर्द भरे, सूफी, और मस्ती भरे हर तरह के गाने गाये हैं और हर जॉनर में अलग पहचान बनाई है।
अरिजीत सिंह के मस्तीभर गाने (Arijit Singh Party Songs)
अरिजीत सिंह की पहचान सिर्फ रोमांटिक या सूफी गानों तक ही सीमित नहीं है। अपने अभी तक के करियर में उन्होंने बहुत से पार्टी सॉन्ग्स भी गाए हैं। इन गानों ने हर पार्टी की शान बढ़ाई है और लोगों को थिरकने पर मजबूर किया है। इनमें ‘दिल्ली वाली गर्लफ्रेंड’ (ये जवानी है दीवानी), ‘फर्स्ट क्लास’ (कलंक), ‘पलट तेरा ध्यान किधर है’ (मैं तेरा हीरो), ‘शनिवार राती’ (मैं तेरा हीरो), ‘सूरज डूबा है’ (रॉय), और ‘सेंटी वाली मेंटल’ (शानदार) जैसे गाने शामिल हैं।
प्लेबैक सिंगिंग से लिया संन्यास (Arijit Singh Quit Playback Singing)
करियर के शिखर पर होने के बावजूद, Arijit Singh ने 27 जनवरी 2026 को प्लेबैक सिंगिंग से दूरी बनाने का फैसला लिया। उन्होंने इंस्टाग्राम पोस्ट के जरिए जानकारी दी कि अब वे फिल्मों के लिए नए गाने नहीं गाएंगे। हालांकि, उन्होंने संगीत से पूरी तरह संन्यास नहीं लिया है, वह आगे भी अपने फैंस के लिए गाने बनाते और रिलीज करते रहेंगे।


