जालौन में टीजीटी परीक्षा शांतिपूर्ण संपन्न:सीसीटीवी कैमरों से रही नजर, डीएम-एसपी ने निरीक्षण कर जायजा लिया

उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग प्रयागराज द्वारा आयोजित प्रशिक्षित स्नातक शिक्षक (टीजीटी) लिखित परीक्षा जनपद जालौन में बुधवार को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था और नकलविहीन माहौल के बीच शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। परीक्षा को पारदर्शी एवं निष्पक्ष तरीके से कराने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन पूरे समय सतर्क एवं सक्रिय नजर आया। जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय और पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने जनपद के सभी सात परीक्षा केंद्रों का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने अभ्यर्थियों की सघन तलाशी, सीसीटीवी कैमरों की निगरानी, कक्ष निरीक्षकों की तैनाती तथा आयोग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के पालन की स्थिति का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने केंद्र व्यवस्थापकों को स्पष्ट निर्देश दिए कि परीक्षा की शुचिता बनाए रखने में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। जनपद में टीजीटी परीक्षा के लिए कुल सात परीक्षा केंद्र बनाए गए थे, जहां दोनों पालियों में परीक्षा सकुशल संपन्न हुई। पहली पाली में कुल 2788 अभ्यर्थी पंजीकृत थे, जिनमें 1269 परीक्षार्थी उपस्थित रहे जबकि 1519 अभ्यर्थियों ने परीक्षा छोड़ दी। वहीं दूसरी पाली में पंजीकृत 2127 अभ्यर्थियों में से 1033 परीक्षार्थी उपस्थित हुए तथा 1094 अनुपस्थित रहे। परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था के व्यापक इंतजाम किए गए थे। सभी संवेदनशील केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया था, जबकि सेक्टर मजिस्ट्रेट और स्टैटिक मजिस्ट्रेट लगातार परीक्षा की निगरानी करते रहे। परीक्षा केंद्रों के बाहर भी पुलिस बल मुस्तैद रहा ताकि किसी प्रकार की अवांछनीय गतिविधि न हो सके। जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं की निष्पक्षता और विश्वसनीयता बनाए रखना शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। इसी उद्देश्य से सभी केंद्रों पर विशेष सतर्कता बरती गई और परीक्षा को पूरी पारदर्शिता के साथ संपन्न कराया गया। वहीं पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने बताया कि परीक्षा केंद्रों एवं आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत बनाए रखी गई थी। पुलिस की टीमें लगातार भ्रमणशील रहीं और हर गतिविधि पर नजर रखी गई, जिससे परीक्षा शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हो सकी।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *