संभल में तापमान 45 डिग्री पार, AQI 151 पहुंचा:गर्म हवाओं के थपेड़ों से लोग परेशान, अस्पतालों में मरीजों की भीड़, किसानों की फसलें खराब

संभल में तापमान 45 डिग्री पार, AQI 151 पहुंचा:गर्म हवाओं के थपेड़ों से लोग परेशान, अस्पतालों में मरीजों की भीड़, किसानों की फसलें खराब

संभल में भीषण गर्मी का प्रकोप जारी है। जिले का तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है, जबकि वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 151 दर्ज किया गया है। सुबह न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रहा। दिन भर तेज धूप और 20 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से गर्म हवाएं चलने का अनुमान है। रविवार को सुबह 10 बजे संभल का तापमान 40 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। अप्रैल माह में यह पहली बार है जब तापमान 45 डिग्री के पार पहुंचा है। मौसम विभाग ने बारिश का अलर्ट जारी किया था, लेकिन इसके विपरीत भीषण गर्मी पड़ रही है और मौसम साफ बना हुआ है। दोपहर में तेज धूप के कारण सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहता है। चिकित्सकों ने लोगों को गर्मी से बचाव के लिए छायादार सूती कपड़े पहनने, बासी भोजन और प्रदूषित पानी से परहेज करने की सलाह दी है। गर्मी के कारण जिला संयुक्त चिकित्सालय, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों और निजी अस्पतालों में मरीजों की संख्या में लगातार वृद्धि हो रही है। पेट दर्द, बुखार, खांसी और जुकाम के मरीज बड़ी संख्या में आ रहे हैं। सरकारी अस्पतालों में नई ओपीडी प्रतिदिन 300 से 400 तक पहुंच रही है। भीषण गर्मी का असर किसानों पर भी पड़ रहा है। गेहूं, मक्का और सरसों की फसलें पहले ही ओलावृष्टि और बारिश से खराब हो चुकी हैं। अब किसान मैंथा की फसल लगा रहे हैं, लेकिन बढ़ते तापमान और गर्म हवाओं के कारण इस पर भी संकट मंडरा रहा है, जिससे वे चिंतित हैं। स्थानीय निवासी अर्पित अग्रवाल ने बताया कि भीषण गर्मी के कारण दोपहर में घर या फैक्ट्री से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है। सड़कों पर लोगों की आवाजाही न के बराबर है। उन्होंने उम्मीद जताई कि बारिश होने से मौसम में कुछ राहत मिल सकती है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *