ग्वालियर में भीषण गर्मी का असर अब दिन और रात दोनों समय महसूस किया जा रहा है। उत्तर-पश्चिम दिशा से चल रही गर्म हवाओं के कारण तापमान लगातार बढ़ रहा है। बुधवार को अधिकतम तापमान 41.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि गुरुवार को न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से अधिक है। राजस्थान से आ रही गर्म हवाएं मौसम विभाग के अनुसार, बीते कुछ दिनों से पश्चिमी और दक्षिण-पश्चिमी हवाएं सक्रिय हैं, जो राजस्थान की ओर से गर्मी ला रही हैं। इसी वजह से तापमान में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। बुधवार का अधिकतम तापमान सामान्य से 1.3 डिग्री अधिक दर्ज किया गया। 48 घंटे में और बढ़ेगा पारा मौसम वैज्ञानिकों ने अगले 48 घंटों में तापमान और बढ़ने की संभावना जताई है। अनुमान है कि दिन का पारा 42 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच सकता है। तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण दोपहर के समय सड़कों पर सन्नाटा छा जाता है। लोग जरूरी काम होने पर ही घर से बाहर निकल रहे हैं। महिलाएं और बच्चे धूप से बचने के लिए सिर और चेहरे को कपड़े से ढंककर निकल रहे हैं। सावधानी बरतने की सलाह मौसम विभाग ने नागरिकों को दोपहर में बाहर निकलने से बचने की सलाह दी है। साथ ही अधिक पानी पीने, हल्के और सूती कपड़े पहनने और धूप से बचाव के उपाय अपनाने की अपील की है। लोगों को सतर्क रहकर अपने स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखने की जरूरत है। अब जानिए प्रदेश में कैसा है मौसम एमपी में भीषण गर्मी का दौर है। बुधवार को प्रमुख टूरिस्ट स्पॉट खजुराहो सबसे गर्म रहा। यहां पारा 43.4 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। नर्मदापुरम दूसरा और नौगांव प्रदेश का तीसरा गर्म शहर रहा। गुरुवार को भी तेज गर्मी रहेगी। ग्वालियर समेत 19 जिलों में लू का अलर्ट है। भोपाल, इंदौर, उज्जैन-जबलपुर भी गर्म रहेंगे। IMD (मौसम केंद्र) भोपाल ने गुरुवार को ग्वालियर, भिंड, दतिया, निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, पन्ना, सतना, रायसेन, नर्मदापुरम, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, सिवनी, मंडला, बालाघाट, रतलाम, झाबुआ, धार और अलीराजपुर में लू का अलर्ट जारी किया है। इससे पहले बुधवार को तेज गर्मी रही। खजुराहो में पारा 43.4 डिग्री पहुंच गया। वहीं, नर्मदापुरम में 43.2 डिग्री, नौगांव में 43 डिग्री रहा। रायसेन में 42.4 डिग्री, नरसिंहपुर-सीधी में 42 डिग्री, टीकमगढ़-रतलाम में 41.8 डिग्री, दतिया में 41.7 डिग्री, शाजापुर में 41.6 डिग्री, दमोह में 41.5 डिग्री, रीवा-सागर में 41.4 डिग्री, मंडला में 41.2 डिग्री, उमरिया, धार-मलाजखंड में 41.1 डिग्री, खरगोन-श्योपुर में 41 डिग्री, गुना में 41.7 डिग्री, खंडवा में 40.5 डिग्री, सिवनी-छिंदवाड़ा में पारा 40 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। प्रदेश के 5 बड़े शहरों की बात करें तो जबलपुर में 41.6 डिग्री, ग्वालियर में 41.2 डिग्री, उज्जैन में 40.2 डिग्री, इंदौर में 40 डिग्री और भोपाल में 40.6 डिग्री सेल्सियस रहा।


