नवविवाहिता की संदिग्ध मौत, दहेज हत्या का आरोप:उन्नाव में पति और उसके दोस्त पर लगा आरोप, सड़क हादसे का दावा

नवविवाहिता की संदिग्ध मौत, दहेज हत्या का आरोप:उन्नाव में पति और उसके दोस्त पर लगा आरोप, सड़क हादसे का दावा

उन्नाव के अचलगंज थाना क्षेत्र के मदारी खेड़ा गांव में एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। मृतका के परिजनों ने पति और उसके एक साथी पर दहेज के लिए हत्या करने का आरोप लगाया है। वहीं, पति पक्ष इसे सड़क हादसा बता रहा है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है और मामले की जांच शुरू कर दी है। मृतका की पहचान 19 वर्षीय शिवानी के रूप में हुई है, जिसकी शादी बीते 19 फरवरी 2026 को मदारी खेड़ा निवासी अवधेश राजपूत से हुई थी। परिजनों का आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष द्वारा अतिरिक्त दहेज में पांच लाख रुपये की मांग की जा रही थी। मांग पूरी न होने पर शिवानी को लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था। बताया गया है कि शिवानी गर्भवती भी थी। मृतका के मायके पक्ष का आरोप है कि पति अवधेश राजपूत और उसके पड़ोसी दोस्त करन चौरसिया पुत्र विजय शंकर ने मिलकर शिवानी की हत्या की और फिर इसे सड़क हादसे का रूप देने की कोशिश की। हालांकि, पति अवधेश और दोस्त करन चौरसिया पुलिस को लगातार यह बता रहे हैं कि शिवानी की मौत सड़क दुर्घटना में हुई है। शिवानी की मां नन्ही देवी और परिजनों कीर्ता नंद व विमलेश ने बताया कि शादी के बाद से ही शिवानी को मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि बीते 6 मई को पति अवधेश ने शिवानी के साथ मारपीट की थी, जिसकी जानकारी उसने मायके पक्ष को दी थी। परिजनों ने पहले से ही किसी अनहोनी की आशंका जताई थी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और प्राप्त तहरीर के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। मामले की गंभीरता को देखते हुए सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *