झाबुआ में बैंक कर्मचारी की संदिग्ध मौत:घर के बाथरूम में मिला शव, पोस्टमार्टम से होगा खुलासा

झाबुआ में बैंक कर्मचारी की संदिग्ध मौत:घर के बाथरूम में मिला शव, पोस्टमार्टम से होगा खुलासा

झाबुआ की कर्मचारी आवास कॉलोनी में एक निजी फाइनेंस बैंक के 35 वर्षीय कर्मचारी नवीन मारू का शव उनके किराए के मकान के बाथरूम में संदिग्ध अवस्था में मिला है। नवीन मूल रूप से धार जिले के लाबरिया के निवासी थे और झाबुआ में कार्यरत थे। घटना का खुलासा तब हुआ जब शनिवार सुबह से नवीन के सहकर्मी उन्हें फोन कर रहे थे, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। अनहोनी की आशंका होने पर सहकर्मी देर रात उनके निवास पर पहुंचे। घर के भीतर पहुंचने पर सहकर्मियों ने नवीन को बाथरूम में अचेत अवस्था में पाया। तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने डॉक्टर से जांच कराई, जिन्होंने नवीन को मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों ने आशंका जताई है कि उनकी मृत्यु दिन के समय ही हो चुकी थी। पुलिस ने इस मामले में मर्ग कायम कर लिया है और शव को जिला चिकित्सालय के मर्चुरी रूम में रखवाया गया है। नवीन की मौत के कारणों का अभी तक खुलासा नहीं हो पाया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, रविवार को परिजनों की उपस्थिति में शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से ही नवीन की मृत्यु के वास्तविक कारणों का पता चल पाएगा। पिता गोकुल मारू ने बताया कि नवीन एल एंड टी कंपनी के झाबुआ ऑफिस में कार्य करता था। दोपहर में उसकी पत्नी से बात हुई थी तो उसने ( नवीन ने) बताया था कि कमरे पर आ गया हूं आधे घंटे के बाद घर के लिए निकलता हूं। जब शाम तक वह घर नहीं आया तो फिर से काल किए गए लेकिन उसने नहीं मोबाइल नहीं उठाया। तब ऑफिस के अधिकारियों को बताया उन्होंने वहा किसी कर्मचारी को भेज कर दिखवाया तो पता चला।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *