लखीमपुर खीरी में अवैध हथियारों और कारतूसों की बढ़ती बरामदगी के मद्देनजर पुलिस प्रशासन ने सख्ती बढ़ा दी है। इसी क्रम में मंगलवार को सहायक पुलिस अधीक्षक (एएसपी) और सीओ सिटी ने शहर की बंदूक व कारतूस विक्रेताओं की दुकानों पर औचक छापेमारी की। इस अचानक हुई कार्रवाई से हथियार विक्रेताओं में हड़कंप मच गया। पुलिस टीम ने दुकानों पर कारतूसों की बिक्री से संबंधित रजिस्टर, लाइसेंस अभिलेखों और उपलब्ध स्टॉक की गहन जांच की। साथ ही, मौजूद कारतूसों का रिकॉर्ड से मिलान भी किया गया।
पुलिस अधिकारियों ने दुकानदारों को सख्त निर्देश दिए कि वे सभी अभिलेखों को अद्यतन और सही रखें, तथा निर्धारित नियमों का कड़ाई से पालन करें। किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर कठोर कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई। बताया जा रहा है कि पिछले कुछ दिनों में शहर और कस्बों से .315 व .312 बोर के तमंचों के साथ-साथ .32 बोर की पिस्तौलें बरामद हुई हैं। बरामद कारतूस कंपनी निर्मित बताए जा रहे हैं, जिससे इनके स्रोत को लेकर संदेह गहरा गया है। इसी संदेह के आधार पर पुलिस ने हथियार विक्रेताओं की भूमिका की जांच शुरू की है। छापेमारी के दौरान दुकानों में उपलब्ध कारतूसों और बिक्री के रिकॉर्ड का मिलान कर यह पता लगाने का प्रयास किया गया कि कहीं अवैध तरीके से कारतूसों की आपूर्ति तो नहीं की जा रही है। पुलिस का कहना है कि अवैध हथियारों और कारतूसों की आपूर्ति पर पूरी तरह अंकुश लगाने के लिए इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।


