झालावाड़ में नगर परिषद के सफाई कर्मियों ने बुधवार को शहर की सफाई व्यवस्था ठप कर दी। चार माह से वेतन न मिलने से नाराज होकर कर्मियों ने नगर परिषद परिसर के बाहर करीब दो घंटे तक विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारी सफाई कर्मियों का कहना है कि उन्हें जनवरी माह के बाद से वेतन नहीं मिला है। लगातार काम करने के बावजूद भुगतान न होने से उनके सामने गंभीर आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। उन्होंने चेतावनी दी है कि जब तक उनका बकाया भुगतान नहीं किया जाता, वे काम पर वापस नहीं लौटेंगे। कर्मचारियों ने आरोप लगाया कि उन्होंने कई बार अधिकारियों को अपनी समस्या से अवगत कराया, लेकिन हर बार केवल आश्वासन ही मिला। उनका यह भी कहना है कि नगर परिषद में अधिकारी नियमित रूप से नहीं बैठते और प्रशासनिक स्तर पर उनकी मांगों पर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है। विरोध स्वरूप उन्होंने नगर परिषद के मुख्य गेट के बाहर कचरा डालकर प्रदर्शन किया। कर्मचारियों ने बताया कि चार महीने से वेतन न मिलने के कारण उनके परिवारों का गुजारा करना मुश्किल हो गया है और अब उनके सामने भुखमरी जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जब तक उनका पूरा बकाया भुगतान नहीं हो जाता, तब तक वे अपनी हड़ताल जारी रखेंगे। गौरतलब है कि नगर परिषद में कार्यरत सफाई कर्मियों को समय पर भुगतान न होने को लेकर लंबे समय से नाराजगी बनी हुई है। कर्मचारियों का कहना है कि नियमित भुगतान न होने से उन्हें आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है, लेकिन प्रशासन इस गंभीर समस्या के प्रति संवेदनशील नहीं दिख रहा है। इस समस्या से करीब 80 से अधिक ठेका आधारित सफाई कर्मी प्रभावित हैं।


