आवारा कुत्तों ने 8 साल की मासूम को नोचा:चाच के घर जा रही थी;चेहरा,आंख, गर्दन, पेट और कमर पर किया हमला

आवारा कुत्तों ने 8 साल की मासूम को नोचा:चाच के घर जा रही थी;चेहरा,आंख, गर्दन, पेट और कमर पर किया हमला

आवारा कुत्तों के हमले में 8 साल की मासूम अनुष्का गंभीर रूप से घायल हो गई। वह अपने घर से चाचा के घर जा रही थी, तभी रास्ते में 5 से 6 कुत्तों के झुंड ने अचानक उस पर हमला कर दिया। मामला गोविंदगढ़ के सिरमोर गांव में मंगलवार शाम का है। कुत्तों ने बच्ची को घेरकर उसके चेहरे, आंख के पास, गर्दन, पेट और कमर पर बुरी तरह नोच लिया। अचानक हुए हमले से घबराई अनुष्का जोर-जोर से चिल्लाने लगी, लेकिन कुत्ते लगातार हमला करते रहे। दर्द और ज्यादा खून बहने के कारण कुछ ही देर में मासूम मौके पर ही बेहोश हो गई। चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण दौड़कर मौके पर पहुंचे और लाठी-डंडों की मदद से कुत्तों को भगाया। काफी मशक्कत के बाद बच्ची को उनके चंगुल से छुड़ाया गया। सूचना मिलते ही परिजन भी मौके पर पहुंच गए और बेहोशी की हालत में अनुष्का को तुरंत गोविंदगढ़ अस्पताल लेकर गए। अस्पताल में डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार किया, लेकिन हालत गंभीर होने के कारण उसे अलवर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। जिला अस्पताल में डॉक्टरों ने बच्ची के घावों पर टांके लगाए हैं और उसे भर्ती कर इलाज किया जा रहा है। मासूम के दादा समय सिंह ने बताया कि उनकी पोती घर से थोड़ी ही दूरी पर थी, तभी कुत्तों ने उस पर हमला कर दिया। उन्होंने बताया कि बच्ची के चेहरे और शरीर के कई हिस्सों पर गहरे घाव हैं। समय सिंह ने आरोप लगाया कि गांव में आवारा कुत्तों का आतंक लंबे समय से बना हुआ है। पिछले महीने भी इन्हीं कुत्तों ने कई लोगों और बच्चों पर हमला किया था, लेकिन इसके बावजूद नगर पालिका की ओर से कोई कार्रवाई नहीं की गई।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *