SRH और GT ने जीते हैं सबसे ज्यादा मैच, लेकिन पंजाब किंग्स के लिए प्लेऑफ की राह हुई सबसे आसान, जानें कैसे

SRH और GT ने जीते हैं सबसे ज्यादा मैच, लेकिन पंजाब किंग्स के लिए प्लेऑफ की राह हुई सबसे आसान, जानें कैसे

Punjab Kings Playoffs Scenario: आईपीएल 2026 के प्लेऑफ की रेस रोमांचक हो चुकी है। 52 मुकाबलों के बाद अब तक न तो कोई टीम अंतिम चार का टिकट हासिल कर पाई है और न ही कोई टीम आधिकारिक तौर पर बाहर हुई है। हालांकि, तीन टीमों का प्लेऑफ में पहुंचना लगभग तय माना जा रहा है, जबकि तीन टीमों की संभावनाएं लगभग खत्म हो चुकी हैं। टॉप-4 में जगह बनाने की रेस में इस समय 6 टीमें सबसे आगे चल रही हैं। इनमें सनराइजर्स हैदराबाद, गुजरात टाइटंस, पंजाब किंग्स, रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु, चेन्नई सुपर किंग्स और राजस्थान रॉयल्स शामिल हैं।

सबसे कम मैच हारी है पंजाब किंग्स

सनराइजर्स हैदराबाद ने 11 मैचों में 14 अंक हासिल कर पहले स्थान पर कब्जा किया हुआ है, तो वहीं गुजरात टाइटंस ने भी 11 मैचों के बाद 14 अंक हासिल किए हैं। पंजाब किंग्स ने 10 मैचों में 13 अंक जुटाए हैं, जबकि रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने 10 मैचों में 12 अंक हासिल किए हैं। राजस्थान रॉयल्स के भी 11 मैचों के बाद 12 अंक हैं।

इन टॉप-5 टीमों में से पंजाब किंग्स और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के पास चार-चार मैच बचे हैं, जबकि बाकी तीन टीमों के पास तीन-तीन मुकाबले शेष हैं। पंजाब किंग्स के पास एक बड़ा फायदा यह भी है कि उनका एक मुकाबला बारिश की वजह से रद्द हुआ था, जिससे उन्हें एक अतिरिक्त अंक मिला। यही वजह है कि वह इस सीजन सबसे कम मैच हारने वाली टीम भी है।

ऐसे में अगर पंजाब किंग्स बचे हुए चार में से सिर्फ दो मैच भी जीत लेती है तो उसका प्लेऑफ का टिकट लगभग पक्का हो जाएगा। यानी पंजाब चार में से दो मैच हारने के बावजूद भी अंतिम चार में पहुंच सकती है। इस सीजन अब तक कोई दूसरी टीम ऐसी स्थिति में नहीं है कि दो मैच हारने के बाद भी उसका प्लेऑफ टिकट सुरक्षित माना जाए।

सनराइजर्स हैदराबाद और गुजरात टाइटंस भले ही टॉप-2 में मौजूद हैं, लेकिन अगर वे अपने बचे हुए तीन मुकाबलों में से दो-दो मैच हार जाते हैं और सिर्फ एक-एक मैच जीतते हैं तो उनके 16-16 अंक ही हो पाएंगे। ऐसे में मामला नेट रन रेट पर फंस सकता है। इसके अलावा, आरसीबी अगर अपने चार मैचों में से दो हार जाती है और सिर्फ दो जीत पाती है तो उसके भी 16 अंक ही होंगे। वहीं राजस्थान रॉयल्स अगर अपने बचे हुए मुकाबलों में दो मैच हार जाती है तो उसका प्लेऑफ में पहुंचना मुश्किल हो जाएगा।

नेट रनरेट बन सकता है कई टीमों के लिए विलेन

चेन्नई सुपर किंग्स की स्थिति भी कुछ ऐसी ही है। सीएसके ने अब तक 10 में से सिर्फ 5 मैच जीते हैं और 10 अंकों के साथ वह छठे स्थान पर मौजूद है। अगर सीएसके अपने बचे हुए चार मुकाबलों में से दो जीतती है और दो हारती है तो उसके भी 14 अंक ही होंगे। ऐसे में वह राजस्थान रॉयल्स के बराबर पहुंच जाएगी, लेकिन नेट रन रेट बड़ा फैक्टर बन सकता है। हालांकि, पंजाब किंग्स इकलौती ऐसी टीम नजर आ रही है जो सिर्फ दो मैच जीतकर अगले दौर में जगह बना सकती है। ऐसे में भले ही अंक तालिका में वह टॉप-2 पर कायम न हो, लेकिन प्लेऑफ की राह फिलहाल पंजाब किंग्स के लिए सबसे आसान दिखाई दे रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *