IPL 2026 में 52 मैच खत्म लेकिन एक भी टीम नहीं बना पाई प्लेऑफ्स में जगह, जानें किसके पास कितना है चांस

IPL 2026 में 52 मैच खत्म लेकिन एक भी टीम नहीं बना पाई प्लेऑफ्स में जगह, जानें किसके पास कितना है चांस

IPL Points Table 2026 Updates: सनराइजर्स हैदराबाद, गुजरात टाइटंस, पंजाब किंग्स और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु सबसे मजबूत दावेदार नजर आ रही हैं, जबकि चेन्नई सुपर किंग्स, राजस्थान रॉयल्स और केकेआर की उम्मीदें अभी भी कायम हैं। 

IPL 2026 Playoff Scenario: आईपीएल 2026 में अब तक 52 मुकाबले खेले जा चुके हैं, लेकिन अब तक कोई भी टीम न तो प्लेऑफ में अपनी जगह पक्की नहीं कर पाई है और न ही अंतिम 4 (IPL 2026 Playoffs Qualification) की रेस से पूरी तरह बाहर हुई है। सनराइजर्स हैदराबाद (Sunrisers Hyderabad), गुजरात टाइटंस (Gujarat Titans), राजस्थान रॉयल्स (Rajasthan Royals) और दिल्ली कैपिटल्स ने 11-11 मुकाबले खेले हैं। इन चारों टीमों के पास अब सिर्फ तीन-तीन मैच बचे हैं, तो वहीं बाकी टीमों ने 10-10 मुकाबले खेले हैं।

PBKS की राह सबसे आसान

IPL 2026 में अभी भी 10 में से कोई भी टीम अंतिम 4 का टिकट हासिल कर सकती है। अगर टॉप-4 पर नजर डालें तो सनराइजर्स हैदराबाद 11 में से 7 मैच जीतकर 14 अंकों के साथ पहले स्थान पर है। गुजरात टाइटंस भी इसी समीकरण के साथ दूसरे स्थान पर है। वहीं पंजाब किंग्स ने 10 में से 6 मैच जीते हैं और उनका एक मुकाबला बारिश की वजह से रद्द हुआ था, जिसकी वजह से 13 अंकों के साथ वह तीसरे स्थान पर है। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने 10 में से 6 मैच जीते हैं और 12 अंकों के साथ वह चौथे स्थान पर है।

राजस्थान रॉयल्स पिछले 7 में से 5 मैच हार चुकी है, जिसकी वजह से वह अंक तालिका में पांचवें स्थान पर खिसक गई है। वहीं सीएसके ने 10 में से 5 मैच जीते हैं और 10 अंकों के साथ छठे स्थान पर है। इसके बाद कोलकाता नाइट राइडर्स, दिल्ली कैपिटल्स, मुंबई इंडियंस और लखनऊ सुपर जायंट्स की टीमें हैं, लेकिन इन चारों टीमों के प्लेऑफ में पहुंचने की संभावना बहुत कम नजर आ रही है। चलिए जानते हैं कि किस टीम के पास प्लेऑफ में पहुंचने की कितनी संभावना है।

GT और SRH को जीतने होंगे 2-2 मैच

आपको बता दें कि सनराइजर्स हैदराबाद और गुजरात टाइटंस के पास तीन-तीन मुकाबले बचे हैं और दोनों टीमों के पास 14-14 अंक हैं। इन टीमों को अगले दौर में पहुंचने के लिए बचे हुए तीन-तीन मुकाबलों में से कम से कम एक-एक मैच जीतना होगा। ऐसे में इन टीमों का प्लेऑफ में पहुंचना तय माना जा रहा है।

वहीं पंजाब किंग्स और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु भी इस रेस में सबसे आगे हैं। पंजाब किंग्स ने 10 में से 6 मैच जीते हैं और उनके पास चार मैच बचे हैं, जिसमें से दो मैच जीतकर वह अगले दौर का टिकट हासिल कर लेगी। 16 अंक हासिल करने वाली टीम के लिए नेट रनरेट प्लेऑफ्स की राह को रोड़ा बन सकता है लेकिन 17 अंक हासिल करने वाली टीम प्लेऑफ्स में जगह पक्की कर लेगी और यही वजह है कि बचे हुए 4 में से 2 मैच जीतकर भी पंजाब किंग्स अगले दौर में जगह बना लेगी। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के पास भी 4 मैच बचे हुए हैं और 18 अंक के जादुई आंकड़े तक पहुंचने के लिए कम से कम 3 तो जीतने ही होंगे।

राजस्थान रॉयल्स के पास तीन मैच बचे हैं और उसे तीनों में जीत हासिल करनी है। इस आईपीएल में 9 मैच जीतने वाली टीम प्लेऑफ का टिकट पक्का कर लेगी, जबकि 8 जीत वाली टीम भी अगले दौर में जगह बना सकती है। लेकिन उसके लिए उस टीम को अपना नेट रनरेट बेहतर करना होगा। जैसे मान लीजिए अगर RR और RCB के 16-16 अंक हो जाते हैं और इन्हीं दोनों में से किसी एक टीम को अगले दौर का टिकट मिलना है, तो जिस टीम का नेट रनरेट बेहतर होगा, वो अगले दौर में पहुंच जाएगी।

इन टीमों का अगले दौर में पहुंचना मुश्किल

चेन्नई सुपर किंग्स के पास चार मैच बचे हैं। अगर वह चारों जीत लेती है तो प्लेऑफ में पहुंच जाएगी, लेकिन अगर सीएसके चार में से 3 मैच जीतती है तो उसके 16 अंक होंगे और फिर मामला नेट रन रेट पर फंस सकता है। कोलकाता नाइट राइडर्स के पास चार मैच बचे हैं, अगर वह चारों मैच जीत भी लेती है तो उसके सिर्फ 15 अंक ही हो पाएंगे। ऐसे में उनकी राह थोड़ी मुश्किल नजर आ रही है। वहीं दिल्ली कैपिटल्स, मुंबई इंडियंस और लखनऊ सुपर जायंट्स के अगले दौर में पहुंचने की संभावना लगभग खत्म हो चुकी है।

​Sports – Patrika | CMS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *