समाजवादी पार्टी का एक प्रतिनिधिमंडल पूर्व एमएलसी डॉ. राजपाल कश्यप के नेतृत्व में हरदोई पहुंचा। प्रतिनिधिमंडल ने बिलग्राम चुंगी पर कब्रिस्तान की बाउंड्री के बाहर बनी 27 दुकानों पर हुई बुलडोजर कार्रवाई का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने प्रभावित दुकानदारों और स्थानीय लोगों से मुलाकात कर मामले की जानकारी ली। सपा प्रतिनिधिमंडल ने मौके पर प्रशासनिक कार्रवाई पर नाराजगी व्यक्त करते हुए इसे एकतरफा बताया। डॉ. राजपाल कश्यप ने आरोप लगाया कि बिना उचित नोटिस और पक्ष रखने का मौका दिए दुकानों पर बुलडोजर चलाना गलत है। उन्होंने कहा कि प्रशासन सत्ता के दबाव में काम कर रहा है और निर्दोष दुकानदारों पर मुकदमे दर्ज किए गए हैं। कश्यप ने बताया कि जिन लोगों की दुकानें तोड़ी गई हैं, उनके सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है। उन्होंने यह भी दावा किया कि जिस जमीन पर कार्रवाई की गई, वह नगर पालिका के अधिकार क्षेत्र में नहीं आती थी, इसके बावजूद प्रशासन ने जल्दबाजी में कार्रवाई की। सपा नेता ने कहा कि इस पूरे मामले की विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को सौंपी जाएगी। उन्होंने दोषी अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करने की बात कही। राजपाल कश्यप ने प्रदेश सरकार पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि आज किसान, नौजवान, व्यापारी और छात्र सभी परेशान हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के एक वायरल वीडियो का जिक्र करते हुए सरकार की नीतियों पर सवाल उठाए।


