हमीरपुर में सपा जिलाध्यक्ष हाउस अरेस्ट:बेरहमी से पिटे दलित युवक से मिलने जाना चाहता था सपा का प्रतिनिधिमंडल

हमीरपुर में सपा जिलाध्यक्ष हाउस अरेस्ट:बेरहमी से पिटे दलित युवक से मिलने जाना चाहता था सपा का प्रतिनिधिमंडल

हमीरपुर में पुलिस और प्रशासन ने गुरुवार शाम समाजवादी पार्टी (सपा) के जिलाध्यक्ष इदरीस खान को उनके आवास पर हाउस अरेस्ट कर लिया। उनके घर के बाहर कड़ा पहरा बैठाया गया। यह कार्रवाई तब की गई जब प्रशासन को सूचना मिली कि सपा का एक प्रतिनिधिमंडल शुक्रवार को सुमेरपुर थाना क्षेत्र के टेढ़ा गांव जाने वाला है। सपा का यह प्रतिनिधिमंडल टेढ़ा गांव में एक दलित युवक से मिलने जा रहा था, जिसकी गांव के कुछ दबंगों ने 18 मई को बेरहमी से पिटाई की थी। हालांकि इस मामले में दो नामजद और दो अज्ञात के खिलाफ पुलिस मुकदमा दर्ज कर चुकी है। लेकिन अभी तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। पीड़ित परिवार से मिलने के लिए सपा डेलिगेशन गांव पहुंचने की तैयारी कर रहा था। प्रशासन ने एहतियात के तौर पर मौदहा कस्बे में स्थित सपा जिलाध्यक्ष के आवास को पुलिस छावनी में बदल दिया और उन्हें घर से बाहर निकलने से रोक दिया है। इस कदम का उद्देश्य प्रतिनिधिमंडल को गांव जाने से रोकना है। हाउस अरेस्ट किए गए सपा जिलाध्यक्ष इदरीस खान ने आरोप लगाया कि प्रशासन दलित उत्पीड़न के मामलों में आवाज उठाने से रोकने के लिए यह कार्रवाई कर रहा है। उन्होंने बताया कि अखिलेश यादव के निर्देश पर सपा का प्रतिनिधिमंडल 22 मई को पीड़ित युवक से मिलने गांव जाना चाहता था, लेकिन उन्हें उससे पहले ही नजरबंद कर दिया गया। इदरीस खान ने कहा कि इसके बावजूद समाजवादी पार्टी का प्रतिनिधिमंडल टेढ़ा गांव जाने की कोशिश करेगा, “फिर चाहे पुलिस की लाठियां ही क्यों न खानी पड़ें।”

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *