Naseeruddin Shah: दिग्गज एक्टर नसीरुद्दीन शाह इन दिनों अपनी आने वाली फिल्म ‘मैं वापस आऊंगा’ के प्रमोशन में बिजी हैं। इम्तियाज अली द्वारा निर्देशित इस फिल्म में दिलजीत दोसांझ, वेदांग रैना और शरवरी वाघ भी अहम किरदारों में नजर आएंगे। फिल्म के मेकर्स ने हाल ही में मुंबई में एक इवेंट के दौरान फिल्म का ट्रेलर रिलीज किया, जहां नसीरुद्दीन शाह ने अपनी एक्टिंग के सफर, करियर की असफलताओं और इम्तियाज अली के साथ काम करने के अपने अनुभव के बारे में खुलकर बात की।
भारत के बेहतरीन एक्टर्स में से होने के बावजूद, नसीरुद्दीन शाह ने माना कि उन्होंने कुछ ऐसी परफॉर्मेंस भी दी हैं जिन पर उन्हें गर्व नहीं है। इवेंट के दौरान, एक्टर ने इस बात पर जोर दिया कि एक एक्टर की सफलता काफी हद तक राइटिंग और डायरेक्शन की क्वालिटी पर निर्भर करती है।
नसीरुद्दीन शाह ने बताया कि उनके बेटे उन्हें सुबह 3 बजे क्यों जगाते हैं?
‘द इंडियन एक्सप्रेस’ की रिपोर्ट के मुताबिक, नसीरुद्दीन शाह ने कहा कि अगर राइटिंग कमजोर हो तो दुनिया का सबसे बेहतरीन एक्टर भी कुछ खास नहीं कर सकता। उन्होंने माना कि अपने लंबे करियर के दौरान उन्होंने कुछ फिल्मों में “बहुत खराब एक्टिंग’ की हैं।
इस पर बात करते हुए बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता ने अपने बेटों से जुड़ा एक मजेदार किस्सा भी शेयर किया। उन्होंने बताया, “मेरा मानना है कि किसी भी एक्टर की सफलता का श्रेय राइटर और डायरेक्टर को जाता है; अगर राइटिंग अच्छी नहीं है, तो दुनिया का सबसे बेहतरीन एक्टर भी कुछ नहीं कर सकता। मैंने फिल्मों में कुछ बहुत खराब परफॉर्मेंस दी हैं; मेरे बेटे मुझे रात को 3 बजे जगाकर YouTube पर वे फिल्में दिखाते हैं। इसलिए मैं तो सोना ही पसंद करूंगा।” आपकी जानकारी के लिए बता दें कि नसीरुद्दीन शाह और पत्नी, एक्ट्रेस रत्ना पाठक शाह के दो बेटे इमाद शाह और विवान शाह हैं।
अपनी असफलताओं के बारे में बात करते हुए नसीरुद्दीन शाह ने कहा कि उनका मानना है कि किसी सफल परफॉर्मेंस का पूरा क्रेडिट सिर्फ एक्टर्स को ही नहीं मिलना चाहिए। उनके मुताबिक, यादगार किरदारों और कहानियों को गढ़ने में राइटर और डायरेक्टर सबसे बड़ी भूमिका निभाते हैं।
इम्तियाज अली की फिल्मों के फैन रहे हैं नसीरुद्दीन शाह
इस बातचीत के दौरान एक्टर ने ‘मैं वापस आऊंगा’ में अपने काम के लिए इम्तियाज अली की भी तारीफ की। उन्होंने फिल्म की स्क्रिप्ट को शानदार बताया और कहा कि फिल्म में दमदार सिचुएशन और जबरदस्त डायलॉग हैं। एक्टर ने आगे कहा कि वो सालों से इम्तियाज अली की फिल्मों के फैन रहे हैं और उनके डिसिपीलीन और गर्मजोशी की तारीफ करते हैं।
नसीरुद्दीन शाह ने आगे बताया कि बहुत कम डायरेक्टर ही एक्टर की परफॉरमेंस को बेहतर बनाने के लिए रिटेक मांगते हैं, और वो इम्तियाज अली को ऐसे ही कुछ चुनिंदा फिल्ममेकर्स में से एक मानते हैं।
इम्तियाज अली ने की नसीरुद्दीन शाह की तारीफ
वहीं, फिल्ममेकर इम्तियाज अली ने नसीरुद्दीन शाह से अपनी पहली मुलाकात को याद करते हुए बताया कि लोगों ने उन्हें बेहद गंभीर इंसान बताया था, लेकिन असल में वो बहुत जिंदादिल, गर्मजोशी से भरे और अपनापन रखने वाले एक्टर हैं। इम्तियाज ने कहा कि पहली मुलाकात में नसीर साहब चाय-पानी की चिंता करते दिखे। उन्होंने यह भी बताया कि फिल्म में सिख किरदार निभाते नसीरुद्दीन शाह की परफॉर्मेंस का रफ कट देखने वाले सभी लोगों ने सबसे ज्यादा पसंद किया।
‘मैं वापस आऊंगा’ की रिलीज डेट
आपकी जानकारी के लिए बता दें कि बिरला स्टूडियोज और अप्लॉज एंटरटेनमेंट द्वारा प्रोड्यूस की गई फिल्म ‘मैं वापस आऊंगा’, अगले महीने की 12 जून को आपके नजदीकी सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है।


