वडोदरा व मेहसाणा जिले में एसएमसी के छापे, 73 लाख की शराब जब्त, तीन आरोपी गिरफ्तार, कई की तलाश

वडोदरा व मेहसाणा जिले में एसएमसी के छापे, 73 लाख की शराब जब्त, तीन आरोपी गिरफ्तार, कई की तलाश

वडोदरा जिले के वलन पुलिस स्टेशन क्षेत्र में स्पेशल मॉनिटरिंग सेल (एसएमसी) ने सासरोद गांव के निकट एक होटल की पार्किंग में छापा मारकर बड़ी मात्रा में अवैध शराब जब्त की। शराब की करीब साढ़े नौ हजार बोतलोंं के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया। इसी तरह एसएमसी की ओर से मेहसाणा जिले में भी बड़ी कार्रवाई करते हुए 25 लाख रुपए से अधिक की शराब जब्त की गई।

वडोदरा -भरूच रोड पर एक होटल की पार्किंग में एसएमसी ने पूर्व सूचना पर छापा मारा। शराब की बरामद बोतलों की कीमत लगभग 48.36 लाख रुपए आंकी गई। इसके अलावा एक वाहन और मोबाइल फोन भी जब्त किया गया। इस मामले में हरियाणा के सकीर हुसैन को गिरफ्तार कर वलन पुलिस स्टेशन को सौंपा गया, जबकि चार अन्य आरोपी फरार बताए गए।

मेहसाणा जिले में छापा

मेहसाणा जिले के कड़ी पुलिस स्टेशन क्षेत्र में स्पेशल मॉनिटरिंग सेल (एसएमसी) ने शुक्रवार को फार्मा की एक कंपनी के पास छापा मारकर शराब की बड़ी खेप पकड़ी। इस आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया। इन आरोपियों में दिनेश नट और ईश्वर कोली शामिल हैं वहीं सात अन्य आरोपी फरार बताए गए। शराब की सात हजार से अधिक बोतल व वाहन भी जब्त किए गए हैं।

एसएमसी के पुलिस निरीक्षक एम.एस. त्रिवेदी के नेतृत्व में की गई यह छापेमारी पूर्व सूचना के आधार पर हुई। इस दौरान शराब की 7272 बोतलें जब्त कीं, जिनकी कीमत 25.46 लाख रुपए बताई गई है। साथ ही 10 लाख रुपए कीमत का एक वाहन भी पुलिस ने बरामद किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *