संतकबीरनगर के मेंहदावल थाना क्षेत्र में देर रात सड़क हादसे में तीन लोग घायल हो गए। घटना सांथा-टंडवरिया मार्ग पर समदा चौराहे के पास हुई, जहां दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर हो गई। पुलिस के अनुसार, हादसा रात करीब 9 बजे हुआ। बेलहर थाना क्षेत्र के करमा कला गांव निवासी मनीष शर्मा, झिनकू यादव और संजय चौधरी बाइक से मेंहदावल से अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान समदा चौराहे पर उनकी बाइक की एक अज्ञात बाइक से भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि तीनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही मेंहदावल विधायक अनिल कुमार त्रिपाठी मौके पर पहुंचे और तत्काल पुलिस व एंबुलेंस को सूचित किया। घायलों को एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मेंहदावल ले जाया गया, जहां प्राथमिक इलाज के बाद उनकी हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल संतकबीरनगर रेफर कर दिया गया। घटना के बाद परिजन अस्पताल पहुंच गए हैं, जबकि पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।


