टोंक सदर थाना पुलिस और DST (जिला स्पेशल टीम) ने करीब 20 लाख की स्मैक के साथ बारां और झालवाड़ के दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। बरामद 96.28 ग्राम स्मैक को जब्त किया गया है। आरोपियों के कब्जे से तस्करी में इस्तेमाल की गई बिना नंबर की बोलेरो कार, दो मोबाइल फोन और 4610 रुपए की नकदी भी बरामद की गई है। DST प्रभारी ओमप्रकाश चौधरी ने बताया- सदर थाना क्षेत्र में एक बिना नंबर की बोलेरो कार संदिग्ध हालत में आती दिखाई दी। यह कार बूंदी जिले के नैनवां की ओर से सोनवा होते हुए टोंक की तरफ जा रही थी। शक होने पर पुलिस ने कचोलिया क्षेत्र में गाड़ी को रुकवाकर तलाशी ली, जिसमें मादक पदार्थ स्मैक बरामद हुआ। कार में सवार दोनों आरोपियों को मौके पर ही पकड़ लिया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बारां जिले के छीपाबड़ौद थाना क्षेत्र के कोलुखेड़ा निवासी दिनेश कुमार (35) पुत्र भोलाराम मीना और झालावाड़ जिले के जावर थाना क्षेत्र के अर्जुनपुरा निवासी बोलेरो चालक ओमप्रकाश (40) पुत्र देवलाल मीना के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। मामले की आगे की जांच पीपलू थाना प्रभारी राजकुमार को सौंपी गई है, जो पूरे नेटवर्क और सप्लाई चैन की जांच में जुटे हैं।


