पन्ना में एक बहन ने अपने भाई पर जानलेवा हमला किया है। सोमवार को नयापुरवा एनएमडीसी कॉलोनी में हुई इस घटना में भाई गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे प्राथमिक उपचार के बाद रीवा मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। पीड़ित कमलेश आदिवासी (38) ने बताया कि वह अपने घर में सो रहा था। तभी उसकी सगी बहन रूपा ने उस पर लोहे की रॉड और भारी पत्थरों से हमला कर दिया। इस हमले में कमलेश के पैर बुरी तरह टूट गए, और उसके हाथ, कंधे सहित पूरे शरीर पर गंभीर चोटें आईं। कमलेश किसी तरह अपनी जान बचाकर खून से लथपथ हालत में पड़ोसी भरत के घर पहुंचा और मदद मांगी। पड़ोसी ने तुरंत ‘डायल 112’ पर सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने घायल कमलेश को जिला अस्पताल पन्ना में भर्ती कराया। हालांकि, उसकी हालत नाजुक होने के कारण डॉक्टरों ने उसे तत्काल मेडिकल कॉलेज रीवा रेफर कर दिया। अस्पताल में भर्ती कमलेश ने बताया कि विवाद बकरियां बेचने को लेकर शुरू हुआ था। उसकी बहन रूपा ने उसकी बकरियां बेच दी थीं। जबरन रह रही मायके में कमलेश के अनुसार, उनके माता-पिता का निधन हो चुका है और घर में केवल वे दोनों भाई-बहन ही रहते हैं। बहन अपने पति को छोड़कर मायके में रह रही थी, जिससे भी विवाद था। बहन रूपा की शादी हो चुकी थी और उसके तीन बच्चे भी हैं। लेकिन वह पति को छोड़कर जबरन मायके में आकर रहने लगी। बकरियां बेचने का विवाद कमलेश ने आरोप लगाया कि उसकी बहन ने उसकी करीब 6 बकरियां बिना बताए बेच दी थीं। जब भाई ने अपनी रोजी-रोटी (बकरियों) को बेचे जाने का विरोध किया, तो आक्रोशित बहन ने उस पर जानलेवा हमला कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। घायल को इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया गया है। भाई के बयानों के आधार पर मामला दर्ज कर पुलिस गहराई से जांच में जुट गई है।


