मऊ के 21 मेधावी छात्र-छात्राओं का सम्मान:हाईस्कूल-इंटर के टॉपर्स को मिले 21-21 हजार, मेडल और प्रशस्ति पत्र

मऊ के 21 मेधावी छात्र-छात्राओं का सम्मान:हाईस्कूल-इंटर के टॉपर्स को मिले 21-21 हजार, मेडल और प्रशस्ति पत्र

मऊ में उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद (UP Board) की हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट परीक्षा 2026 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित समारोह में मधुबन विधायक रामविलास चौहान और जिलाधिकारी आनंद वर्धन ने विद्यार्थियों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया। हाईस्कूल परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले रजनीश सिंह, पूजा साहनी, वैभव यादव, अनिकेत यादव, ईशा और अमृता यादव को 21-21 हजार रुपये का चेक, मेडल और प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया। इसी प्रकार इंटरमीडिएट परीक्षा में बेहतर प्रदर्शन करने वाले ओमजी राय, अनामिका प्रजापति, श्रेया यादव, प्रिया यादव, अंशिका यादव, प्राची राय, अक्सा नाज, अन्नु यादव, सर्वजीत चौहान, दीपिका पटेल और दीक्षा यादव को भी 21-21 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि, मेडल और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। समारोह में कुल 21 छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। इनमें से 17 मेधावियों को जनपद स्तर पर सम्मानित किया गया, जबकि चार छात्र-छात्राओं को प्रदेश स्तर पर मुख्यमंत्री द्वारा सम्मानित किया जा चुका है। इस अवसर पर विधायक रामविलास चौहान ने विद्यार्थियों की मेहनत और लगन की सराहना करते हुए कहा कि इन छात्रों ने अपनी उपलब्धियों से जिले का गौरव बढ़ाया है। उन्होंने विद्यार्थियों से निरंतर परिश्रम करते रहने और जीवन में ऊंचे लक्ष्य निर्धारित कर उन्हें प्राप्त करने का आह्वान किया। जिलाधिकारी आनंद वर्धन ने मेधावियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता। उन्होंने छात्रों की उपलब्धि को उनके अनुशासन, परिश्रम और समर्पण का परिणाम बताया। जिलाधिकारी ने विद्यार्थियों को सलाह दी कि वे प्रोत्साहन राशि का उपयोग अपनी शिक्षा और भविष्य निर्माण से जुड़ी आवश्यकताओं पर करें। उन्होंने छात्रों को स्मार्टफोन के सीमित और जरूरत के अनुसार उपयोग की सलाह देते हुए कहा कि अत्यधिक मोबाइल प्रयोग पढ़ाई और एकाग्रता को प्रभावित कर सकता है। साथ ही उन्होंने विद्यार्थियों की सफलता में अभिभावकों और शिक्षकों की भूमिका की भी सराहना की। इस दौरान कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी विवेक कुमार श्रीवास्तव, जिला विद्यालय निरीक्षक, जिला समाज कल्याण अधिकारी, शिक्षक, अभिभावक तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *