चूरू में डीबी अस्पताल के नर्सिंग ऑफिसरों ने शनिवार को नियमित पद समाप्त किए जाने के विरोध में 2 घंटे तक कार्य बहिष्कार कर प्रदर्शन किया।
इस दौरान उन्होंने आंख बंदकर मुंह पर अंगुली रखकर मूक प्रदर्शन किया, जिसके बाद नारेबाजी कर अपना आक्रोश व्यक्त किया। नर्सिंग ऑफिसर प्रदीप चौधरी ने बताया कि राजस्थान मेडिकल एजुकेशन सोसायटी (राजमेस) के अधीन चूरू मेडिकल कॉलेज के 156 नियमित पदों सहित प्रदेश की 7 मेडिकल कॉलेजों में कुल 1267 नियमित पद समाप्त कर दिए गए हैं। इस फैसले से कर्मचारियों में भारी नाराजगी है। चूरू मेडिकल कॉलेज में 156 पद खत्म किए
नियमित पद खत्म होने से कर्मचारियों के भविष्य को लेकर अनिश्चितता की स्थिति बन गई है। उनका कहना है कि वर्षों से सेवा दे रहे कर्मचारियों के हितों की अनदेखी की जा रही है।
इसी वजह से डीबी अस्पताल के नर्सिंगकर्मी पिछले 5 दिनों से कार्य बहिष्कार कर अपना विरोध जता रहे हैं। उन्होंने मांग की है कि राजमेस इस फैसले को तुरंत वापस ले और सभी नियमित पदों को बहाल करे।


