श्रावस्ती पुलिस ने गांजा तस्करी के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के पास से 1 किलो 72 ग्राम अवैध गांजा, 1910 रुपये नकद और एक मोटरसाइकिल बरामद की है। यह कार्रवाई सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो के जांच के बाद की गई। पुलिस अधीक्षक राहुल भाटी के निर्देश पर जनपद में अपराध और अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत यह गिरफ्तारी हुई। प्रभारी निरीक्षक राज प्रकाश सिंह के नेतृत्व में उप निरीक्षक विवेक कुमार राठौर और उनकी टीम क्षेत्र में चेकिंग कर रही थी। चेकिंग के दौरान खरगौरा मोड़ के पास एक संदिग्ध युवक को रोका गया। तलाशी लेने पर उसकी मोटरसाइकिल की डिग्गी से भारी मात्रा में अवैध गांजा बरामद हुआ। गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान रामजस पाल पुत्र हनुमान प्रसाद, निवासी ग्राम खरगौरा पटना, थाना कोतवाली भिनगा के रूप में हुई है।
दरअसल, कुछ दिन पहले सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ था। इस वीडियो में खरगौरा मोड़ के पास खुलेआम मोटरसाइकिल से गांजा बेचने का दृश्य सामने आया था। पुलिस ने इस वीडियो का संज्ञान लेते हुए जांच शुरू की और साक्ष्यों के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया। इस संबंध में थाना कोतवाली भिनगा में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। अभियुक्त को न्यायालय में पेश कर दिया गया है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जनपद में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी और बिक्री के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। ऐसे अपराधों में लिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।


