मैहर शहर में इन दिनों पेट्रोल और डीजल की किल्लत का सामना करना पड़ रहा है। शहर के विभिन्न पेट्रोल पंपों पर ईंधन की आपूर्ति सीमित समय के लिए ही हो पा रही है, जिसके बाद पंप खाली नजर आने लगते हैं। इस स्थिति से आम नागरिकों के साथ-साथ व्यावसायिक गतिविधियां भी प्रभावित हो रही हैं। धार्मिक नगरी मैहर में प्रतिदिन हजारों श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में ईंधन की कमी से परिवहन व्यवस्था और रोजमर्रा के कार्य बुरी तरह प्रभावित हो रहे हैं। वाहन चालकों को पेट्रोल-डीजल भरवाने के लिए लंबा इंतजार करना पड़ रहा है, जिससे लोगों में नाराजगी बढ़ रही है। कर्मचारी बोले-ऊपर से ही ईंधन की आपूर्ति कम पेट्रोल पंप कर्मचारियों के अनुसार, ईंधन की आपूर्ति ऊपर से ही कम हो रही है। मैहर शहर के दोनों पेट्रोल पंपों पर पिछले तीन दिनों से यह समस्या बनी हुई है, जिससे स्थिति और बिगड़ गई है। इस समस्या को लेकर नगर कांग्रेस अध्यक्ष प्रभात द्विवेदी ने सरकार और प्रशासन पर सवाल उठाए हैं। वह गुरुवार की रात करीब 9 बजे अपनी गाड़ी में पेट्रोल भरवाने गए हुए थे। इसी दौरान पेट्रोल पंर पर जाकर उन्होंने कहा कि यदि वास्तव में ईंधन की कमी है, तो इसकी स्पष्ट जानकारी जनता को दी जानी चाहिए, ताकि लोग अपनी यात्रा और उपयोग की योजना बना सकें।उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि अगर वास्तव में पेट्रोल और डीजल की कमी है तो प्रशासन एडवाइजरी जारी करे।अगर कमी नही है तो प्रशासन जांच करे। कांग्रेस अध्यक्ष बोले-समस्या को छिपाने की कोशिश न करें प्रभात द्विवेदी ने आरोप लगाया कि प्रशासन इस समस्या को छिपाने का प्रयास कर रहा है, जो भविष्य में जनहित में बड़ी परेशानी का कारण बन सकता है। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द स्थिति स्पष्ट की जाए और ईंधन की नियमित आपूर्ति सुनिश्चित की जाए, ताकि आमजन को राहत मिल सके।


