शिवसेना (उबाठा) के नेता प्रदीप पूर्णेकर की हत्या के विरोध में उनके सैकड़ों समर्थकों ने ठाणे में घोड़बंदर रोड जाम कर दिया और कई जगह टायर जलाए, जिससे रातभर यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी। पूर्णेकर के बेटे राम पूर्णेकर ने अपने पिता की हत्या के मामले में ठाणे की पूर्व महापौर मीनाक्षी शिंदे और उनके पति राजेंद्र शिंदे की गिरफ्तारी की मांग की है।
प्रदर्शन मंगलवार को उस समय शुरू हुआ, जब पुलिस ने राम पूर्णेकर को महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के आवास की ओर मार्च करने की कोशिश के दौरान हिरासत में ले लिया। इसके बाद नौपाड़ा पुलिस थाने में विरोध प्रदर्शन हुआ। शिवसेना (उबाठा), महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे), राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) और कांग्रेस के नेताओं ने भी प्रदर्शन में हिस्सा लिया और उपमुख्यमंत्री के इस्तीफे की मांग की।
पुलिस के अनुसार, शिवसेना (उबाठा) के मनपाड़ा विभाग प्रमुख प्रदीप पूर्णेकर की 29 सितंबर को उनके कार्यालय में अज्ञात हमलावरों ने हत्या कर दी थी। पुलिस ने कहा कि प्रथम दृष्टया आगामी ठाणे नगर निगम चुनावों से जुड़ी राजनीतिक प्रतिद्वंद्विता हमले की वजह हो सकती है। मामले में विशेष जांच दल (एसआईटी) ने पांच संदिग्धों को गिरफ्तार किया है।
इस बीच, ठाणे की पूर्व महापौर मीनाक्षी शिंदे मंगलवार को पूछताछ के लिए जबरन वसूली निरोधक प्रकोष्ठ (एईसी) के कार्यालय भी पहुंचीं। उन्होंने संवाददाताओं से कहा, ‘‘मैं पुलिस के साथ पूरा सहयोग कर रही हूं।’’
प्रदीप पूर्णेकर के परिजनों ने आरोप लगाया कि पुलिस पर भारी राजनीतिक दबाव है। पुलिस ने बताया कि बुधवार सुबह करीब चार बजे यातायात सामान्य हो गया।
प्रदर्शनकारियों के खिलाफ मामले दर्ज करने की प्रक्रिया जारी है।

