चार राज्यों उत्तर प्रदेश, बिहार, महाराष्ट्र और कर्नाटक की विधान परिषद की 28 सीटों के लिए मतगणना हो रही है। उत्तर प्रदेश में 11 में से भाजपा ने अब तक 5 सीटें जीती हैं, जबकि वाराणसी शिक्षक सीट समाजवादी पार्टी के खाते में गई। कर्नाटक की 4 सीटों पर भाजपा-जेडीएस गठबंधन ने जीत हासिल की है। महाराष्ट्र में पांच सीटों पर मतगणना जारी है। बिहार में सबसे बड़ा उलटफेर पटना शिक्षक सीट पर हुआ, जहां राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के डॉ. संजीव कुमार ने भाजपा के पांच बार के MLC नवल किशोर यादव को हरा दिया। दरभंगा शिक्षक सीट पर प्रशांत किशोर की जन सुराज पार्टी के सुरेश प्रसाद राय ने जीत दर्ज की। यूपी: गोरखपुर में भाजपा को निर्दलीय प्रत्याशी से टक्कर यूपी में गोरखपुर में भाजपा प्रत्याशी ध्रुव त्रिपाठी की बढ़त लगातार कम हो रही है। निर्दलीय प्रत्याशी राजीव यादव उन्हें कड़ी टक्कर दे रहे हैं। आगरा में फूट-फूट कर रोते हुए इस्लाम धर्म कबूलने की धमकी देने वाले सपा प्रत्याशी आकाश अग्रवाल जीत गए हैं। शिक्षक सीट पर उन्होंने भाजपा प्रत्याशी हरि किशोर तिवारी को हराया। आगरा की स्नातक सीट पर भाजपा के मानवेंद्र प्रताप सिंह और झांसी स्नातक सीट पर सपा के डॉ. मान सिंह यादव ने जीत का दावा किया है। हालांकि, आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है। पूरी खबर पढ़ें… बिहार: भाजपा 30 साल बाद पटना टीचर सीट हारी, RJD जीती बिहार विधान परिषद की 8 सीटों में से 4 शिक्षक निर्वाचन सीट का रिजल्ट आ चुका है। पटना शिक्षक सीट पर 30 साल बाद बीजेपी की हार हुई है। नवल किशोर को राजद के डॉ. संजीव ने 1057 वोटों से मात दी है। वहीं तिरहुत शिक्षक सीट से बीजेपी के नरेन्द्र सिंह 600 वोटों से जीते। सारण शिक्षक सीट से बीजेपी के बागी और निर्दलीय राहुल राज ने 1815 वोट से जीत दर्ज की है। दरभंगा में जनसुराज के सुरेश प्रसाद राय ने जीत दर्ज की है। तिरहुत स्नातक सीट से वंशीधर लगातार आगे चल रहे हैं। पूरी खबर पढे़ंं… कर्नाटक- कांग्रेस हारी, विपक्ष ने चारों सीटें जीतीं कर्नाटक में MLC की चार सीटों पर कांग्रेस को हार का सामना करना पड़ा। विपक्षी जनता दल (सेक्युलर) यानी जेडीएस ने कांग्रेस से एक सीट छीन ली, जबकि उसकी सहयोगी भाजपा ने अपनी तीनों सीटें बरकरार रखीं। बेंगलुरु शिक्षक सीट पर भाजपा के समर्थन से चुनाव लड़ रहे जेडीएस उम्मीदवार एपी रंगनाथ ने कांग्रेस के मौजूदा एमएलसी पुट्टन्ना को 908 वोटों से हराया। पुट्टन्ना को 9,902 वोट मिले, जबकि रंगनाथ को 10,810 वोट मिले। उत्तर-पूर्व शिक्षक सीट पर भाजपा के मौजूदा एमएलसी शशिल जी. नामोशी ने कांग्रेस उम्मीदवार शरणप्पा मत्तूर को हराया। पार्टी सूत्रों के मुताबिक, नामोशी ने इस सीट पर लगातार पांचवीं बार जीत दर्ज की है। नामोशी को 15,596 वोट मिले, जबकि मत्तूर को 12,299 वोट मिले। नामोशी ने 3,297 वोटों के अंतर से जीत दर्ज की।
MLC चुनाव- BJP काशी हारी, UP की 5 सीटें जीती:कर्नाटक में NDA का क्लीन स्वीप; 4 राज्यों की 28 MLC सीटों पर काउंटिंग

