शाहजहांपुर। जलालाबाद थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह उस वक्त अफरातफरी मच गई, जब हत्या की कोशिश के आरोपी और पुलिस के बीच गंगा एक्सप्रेसवे के पास मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी फायरिंग में आरोपी अवनीश के पैर में गोली लग गई, जबकि बदमाश की ओर से चलाई गई गोली सिपाही शुभम के दाहिने हाथ को छूते हुए निकल गई। घायल आरोपी को पुलिस ने अस्पताल में भर्ती कराया है।
बेटे को गोली मारने के मामले में दर्ज हुआ था मुकदमा
दरअसल, छह मई को जलालाबाद थाने में एक व्यक्ति ने अपने बेटे को जान से मारने की नीयत से गोली मारने का मुकदमा दर्ज कराया था। जांच के दौरान कांट थाना क्षेत्र के सौदपर निवासी अवनीश का नाम सामने आया। तभी से पुलिस उसकी तलाश में जुटी थी और कई जगह दबिश दी जा रही थी।
पुलिस को देखते ही बाइक मोड़कर भागने लगा आरोपी
शुक्रवार देर रात पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी पलहरई से गंगा एक्सप्रेसवे की तरफ आने वाला है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने इलाके में घेराबंदी कर दी। जैसे ही पुलिस ने बाइक सवार युवक को रोकने का इशारा किया, वह अचानक बाइक मोड़कर भागने लगा। तेज रफ्तार में भागते समय उसकी बाइक फिसल गई और वह सड़क पर गिर पड़ा।
गिरते ही पुलिस टीम पर झोंक दिया फायर
पुलिस का कहना है कि सड़क पर गिरने के बाद आरोपी ने तमंचा निकालकर पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। एक गोली सिपाही शुभम के हाथ को छूती हुई निकल गई, जिससे मौके पर हड़कंप मच गया। जवाब में पुलिस ने भी फायरिंग की, जिसमें आरोपी अवनीश के पैर में गोली लग गई। मौके से पुलिस ने तमंचा और कारतूस बरामद किए हैं।
पत्नी के प्रेम प्रसंग से बौखलाया था आरोपी
पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसकी पत्नी के अमित नाम के युवक से संबंध थे। इसी बात को लेकर वह काफी समय से नाराज चल रहा था। आरोपी ने अमित को रास्ते से हटाने की ठान ली और मौका पाकर उसके सिर में गोली मार दी। उसे लगा कि अमित की मौत हो गई है, जिसके बाद वह मौके से फरार हो गया था।


