कुशीनगर सहित पूरे पूर्वी उत्तर प्रदेश में अगले तीन दिनों तक भीषण गर्मी और लू का असर रहेगा। मौसम केंद्र लखनऊ ने 25 से 27 मई तक कुशीनगर में भीषण लू, गर्म रातें, तेज हवाएं और कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना जताई है। सोमवार देर रात कुशीनगर जिले में 40 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलीं और हल्की बूंदाबांदी हुई। इसके कारण जिले में कई स्थानों पर पेड़ उखड़ गए और विद्युत आपूर्ति बाधित हुई। मौसम विभाग के अनुसार, इस अवधि में अधिकतम तापमान 42 से 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान 29 से 32 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। लगातार पड़ रही तेज गर्मी से दिन और रात दोनों समय लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। पूर्वानुमान के मुताबिक, 25 और 26 मई को कुशीनगर, गोरखपुर, देवरिया, महाराजगंज और आसपास के जिलों में मेघगर्जन, वज्रपात तथा 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। कुछ स्थानों पर हवा की गति 60 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंचने की संभावना है। मौसम विभाग ने लोगों को दोपहर के समय धूप में निकलने से बचने, अधिक मात्रा में पानी और तरल पदार्थ लेने तथा बच्चों और बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखने की सलाह दी है। किसानों को खेतों में हल्की सिंचाई बनाए रखने और पशुओं को छांव में रखने के निर्देश दिए गए हैं। विभाग ने यह भी कहा है कि तेज आंधी और वज्रपात के दौरान पेड़ों के नीचे खड़े न हों तथा बिजली के उपकरणों से दूरी बनाए रखें।


