शहडोल में नवतपा की शुरुआत के साथ ही बिजली व्यवस्था चरमरा गई है। शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक लोग घंटों बिजली कटौती और खराब ट्रांसफार्मर की समस्या से जूझ रहे हैं। सोमवार रात शहर के रीवा रोड स्थित मदन एजेंसी के पीछे और मोदी नगर क्षेत्र में पूरी रात बिजली आपूर्ति बाधित रही, जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। जानकारी के अनुसार, मदन एजेंसी के पास मुख्य लाइन में शॉर्ट सर्किट के कारण आग लग गई थी। इसके बाद क्षेत्र की बिजली आपूर्ति तुरंत बंद करनी पड़ी। बिजली विभाग के कर्मचारियों ने मौके पर पहुंचकर सुधार कार्य किया और आपूर्ति बहाल की, लेकिन कुछ समय बाद फिर बिजली गुल हो गई। कर्मचारियों ने बताया कि मदन एजेंसी के पास लगे ट्रांसफार्मर में तकनीकी खराबी के कारण आपूर्ति लगातार प्रभावित हो रही थी। स्थानीय लोगों के अनुसार, सोमवार रात करीब 11 बजे बिजली गुल हुई थी, जो मंगलवार सुबह तक पूरी तरह सामान्य नहीं हो पाई। पूरी रात बिजली बंद रहने से लोगों को भीषण गर्मी और पानी की किल्लत का सामना करना पड़ा। लोगों का आरोप है कि बिजली विभाग समय पर रखरखाव नहीं कर रहा है, जिसके कारण गर्मी शुरू होते ही ट्रांसफार्मर और लाइनें खराब होने लगी हैं। इसी बीच, बुढार क्षेत्र के खरला गांव में पिछले पांच दिनों से ट्रांसफार्मर जला हुआ है। गांव में बिजली आपूर्ति पूरी तरह ठप है। ग्रामीणों ने बताया कि कई बार शिकायत करने के बावजूद अब तक न तो कोई अधिकारी गांव पहुंचा है और न ही ट्रांसफार्मर बदला गया है। ग्रामीणों के अनुसार, बिजली न होने से पेयजल संकट गहरा गया है। मोबाइल चार्जिंग से लेकर बच्चों की पढ़ाई तक प्रभावित हो रही है। भीषण गर्मी में ग्रामीण रातभर जागने को मजबूर हैं। स्थानीय लोगों ने बिजली विभाग से जल्द से जल्द व्यवस्था सुधारने और खराब ट्रांसफार्मर बदलने की मांग की है। लगातार सामने आ रही इन समस्याओं ने बिजली विभाग की तैयारियों और निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।


