Sensex में 905 अंकों का उछाल, Nifty 22900 के पार बंद

Sensex में 905 अंकों का उछाल, Nifty 22900 के पार बंद

कच्चे तेल के दाम में नरमी के बीच बैंक और दैनिक उपयोग का उपभोक्ता सामान बनाने वाली कंपनियों के शेयरों में भारी लिवाली से घरेलू शेयर बाजार में बृहस्पतिवार को जोरदार तेजी आई। मानक सूचकांक बीएसई सेंसेक्स 905 अंक चढ़ गया, जबकि एनएसई निफ्टी 22,900 अंक के पार पहुंच गया। बीएसई सेंसेक्स 905.01 अंक यानी 1.24 प्रतिशत की बढ़त के साथ 74,151.04 अंक पर बंद हुआ।

एनएसई निफ्टी 237.90 अंक यानी 1.05 प्रतिशत के लाभ बढ़त के साथ 22,936.75 अंक पर रहा। सेंसेक्स में शामिल 30 कंपनियों में से अदाणी पोर्ट्स में सबसे ज्यादा पांच प्रतिशत की तेजी आई। कंपनी का एकीकृत शुद्ध लाभ सितंबर तिमाही में 18 प्रतिशत बढ़कर 3,682.44 करोड़ रुपये पर पहुंच गया, जिससे कंपनी का शेयर लाभ में रहा।

इसके अलावा कोटक महिंद्रा बैंक, पावर ग्रिड, इटर्नल, बजाज फाइनेंस, भारतीय स्टेट बैंक, हिंदुस्तान यूनिलीवर, टाइटन, एनटीपीसी, भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लि. और इन्फोसिस के शेयर भी बढ़त में रहे। दूसरी तरफ, नुकसान में रहने वाले शेयरों में ट्रेंट, मारुति सुजुकी इंडिया, टेक महिंद्रा और एचडीएफसी बैंक शामिल हैं। जियोजीत इन्वेस्टमेंट्स लि. के शोध प्रमुख विनोद नायर ने कहा, ‘‘अमेरिकी फेडरल रिजर्व के नीतिगत ब्याज दरों में बदलाव नहीं करने, कच्चे तेल की कीमतों में मामूली नरमी और संस्थागत निवेशकों की लिवाली से घरेलू शेयर बाजार में तेजी आई।’’
उन्होंने कहा, ‘‘दैनिक उपयोग के उपभोक्ता सामान, वित्तीय, सूचना प्रौद्योगिकी, रियल एस्टेट और बिजली क्षेत्रों की अगुवाई में यह तेजी आई।

मझोली और छोटी कंपनियों के शेयरों में भी तेजी आई, जो बाजार में व्यापक स्तर पर मजबूती का संकेत है।’’
नायर ने कहा कि कुछ कंपनियों के बेहतर तिमाही नतीजों और घरेलू मांग बने रहने से बाजार की बुनियादी स्थिति को समर्थन मिल रहा है। हालांकि, लागत ऊंची रहने से कंपनियों के लाभ मार्जिन पर दबाव पड़ सकता है। ब्रेंट कच्चे तेल की ऊंची कीमतें, रुपये के मूल्य में गिरावट, घरेलू बॉण्ड प्रतिफल में वृद्धि और मौजूदा वैश्विक अनिश्चितता बाजार के लिए प्रमुख जोखिम बने हुए हैं।

वैश्विक तेल मानक ब्रेंट कच्चे तेल का भाव 1.18 प्रतिशत टूटकर 113.96 डॉलर प्रति बैरल पर रहा। एशिया के अन्य बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी, शंघाई का एसएसई कम्पोजिट और हांगकांग का हैंग सेंग गिरावट के साथ बंद हुए। वहीं, जापान का निक्की बढ़त में रहा।

यूरोप के प्रमुख बाजारों में दोपहर के कारोबार में तेजी का रुख था। अमेरिकी बाजार बुधवार को बढ़त के साथ बंद हुए थे। शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने बुधवार को 871.83 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे।

घरेलू संस्थागत निवेशक भी शुद्ध खरीदार रहे और उन्होंने 643.35 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे। बीएसई सेंसेक्स बुधवार को 352.64 अंक टूटकर 73,246.03 अंक पर बंद हुआ था, जबकि एनएसई निफ्टी 50.90 अंक के नुकसान के साथ 22,698.85 अंक पर रहा था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *