तकनीकी क्षेत्र में नौकरियों को लेकर जारी उथल-पुथल के बीच अमेजन ने एक बार फिर कर्मचारियों की छंटनी की है। कंपनी ने बुधवार को अपने उपकरण विभाग से करीब 250 कर्मचारियों को नौकरी से निकालने का फैसला किया। यह विभाग किंडल ई-बुक रीडर और इको स्मार्ट स्पीकर जैसे उत्पाद तैयार करता है। रिपोर्ट के मुताबिक, इस बार सबसे ज्यादा असर सॉफ्टवेयर बनाने और उससे जुड़े काम करने वाले कर्मचारियों पर पड़ा है।
समाचार एजेंसी रॉयटर्स की रिपोर्ट के अनुसार, प्रभावित कर्मचारियों को सुबह-सुबह ईमेल और मोबाइल संदेश भेजकर नौकरी खत्म किए जाने की जानकारी दी गई। अमेजन की उपाध्यक्ष चेरी रॉबिन्सन की ओर से भेजे गए एक ईमेल में कहा गया कि कंपनी ने अपने कामकाज के ढांचे की विस्तार से समीक्षा की है। इसके बाद कुछ पदों को खत्म करने का फैसला लिया गया। हालांकि, कंपनी का उपकरण विभाग दुनियाभर में काम करता है और उसका प्रमुख नेतृत्व अमेरिका में है, लेकिन अभी यह साफ नहीं है कि किन देशों या क्षेत्रों में काम करने वाले कर्मचारी इस फैसले से प्रभावित हुए हैं।
अमेजन ने भी कर्मचारियों की छंटनी की पुष्टि की है। कंपनी के प्रवक्ता ने कहा कि कुछ पदों को खत्म करने का कठिन फैसला लिया गया है। इससे कंपनी अपने कामकाज को ज्यादा बेहतर तरीके से चला सकेगी और अपने उत्पादों से जुड़ी भविष्य की योजनाओं के साथ कर्मचारियों की भूमिका को बेहतर ढंग से जोड़ सकेगी। कंपनी ने आधिकारिक बयान में कर्मचारियों की संख्या नहीं बताई, लेकिन रॉयटर्स की रिपोर्ट में 250 कर्मचारियों की नौकरी जाने की जानकारी दी गई है।
गौरतलब है कि छंटनी का यह फैसला ऐसे समय आया है, जब अमेजन अपने कामकाज में कृत्रिम बुद्धिमत्ता यानी एआई का इस्तेमाल तेजी से बढ़ा रही है। कंपनी ने इससे एक दिन पहले सितंबर में जारी इंजीनियरिंग नेतृत्व के एक संदेश को सार्वजनिक किया था। इसमें सॉफ्टवेयर बनाने वाले कर्मचारियों से बदलती तकनीक को अपनाने और एआई से जुड़े नए कौशल सीखने की अपील की गई थी। संदेश में कहा गया था कि कर्मचारियों को इस बदलाव को स्वीकार करना होगा, वरना वे पीछे छूट सकते हैं। इससे संकेत मिलता है कि कंपनी भविष्य में सॉफ्टवेयर तैयार करने के तरीके में एआई को बड़ी भूमिका देने की तैयारी कर रही है।
दिलचस्प बात यह है कि छंटनी की घोषणा वाले दिन ही अमेजन ने एलेक्सा तकनीक से चलने वाले 5 नए उपकरण पेश किए। इनमें नए डिजाइन वाला इको शो 16 स्मार्ट डिस्प्ले, एलेक्सा फोटो फ्रेम और इको टाइम बेडसाइड घड़ी शामिल हैं। इन उत्पादों को कंपनी के इसी उपकरण विभाग ने तैयार किया है। ऐसे में नए उत्पादों की पेशकश और कर्मचारियों की छंटनी का एक ही दिन होना कंपनी की बदलती कारोबारी रणनीति को दिखाता है।
बता दें कि अमेजन ने इसी महीने अपने खुदरा कारोबार से जुड़े विभाग में भी करीब 1,000 नौकरियां खत्म करने का फैसला लिया था। जनवरी में कंपनी ने 16,000 पदों में कटौती की घोषणा की थी, जबकि पिछले साल अक्टूबर में 14,000 कर्मचारियों की छंटनी की गई थी। दूसरी ओर, कंपनी एआई के क्षेत्र में बड़े निवेश की तैयारी कर रही है। रिपोर्ट के मुताबिक, अमेजन इस साल एआई पर 220 अरब डॉलर तक खर्च कर सकती है।
अमेजन अकेली ऐसी कंपनी नहीं है, जहां कर्मचारियों की नौकरियां जा रही हैं। छंटनी पर नजर रखने वाली वेबसाइट लेऑफ्स डॉट एफवाईआई के आंकड़ों के अनुसार, इस साल अब तक तकनीकी क्षेत्र में 1,35,000 से ज्यादा नौकरियां खत्म की जा चुकी हैं। ड्रॉपबॉक्स ने अपने वैश्विक कर्मचारियों में 9 प्रतिशत कटौती की घोषणा की है। वहीं, माइक्रोसॉफ्ट ने करीब 60,000 कर्मचारियों को स्वेच्छा से नौकरी छोड़ने का विकल्प दिया है, जो उसके कुल कर्मचारियों का लगभग चौथाई हिस्सा है। इन घटनाओं से साफ है कि कंपनियां लागत घटाने, कामकाज में बदलाव करने और एआई जैसी नई तकनीकों को अपनाने के लिए अपनी कर्मचारी व्यवस्था में लगातार बदलाव कर रही हैं।

