लखनऊ में एलडीए की सुल्तानपुर रोड स्थित आईटी सिटी योजना के दूसरे चरण की लॉटरी शुक्रवार को होगी। इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान के प्लूटो सभागार में सुबह 10 बजे से होने वाली इस प्रक्रिया में 415 प्लॉट आवंटित किए जाएंगे। ये प्लॉट उन किसानों और भू-स्वामियों को दिए जाएंगे, जिन्होंने लैंड पूलिंग योजना के तहत अपनी जमीन एलडीए को दी है। एलडीए ने इस योजना में जमीन अधिग्रहण के बजाय लैंड पूलिंग मॉडल अपनाया है। इसके तहत किसानों से आपसी सहमति के आधार पर जमीन लेकर उसे विकसित किया जा रहा है। बदले में किसानों को उनकी दी गई जमीन का 25 प्रतिशत हिस्सा विकसित प्लॉट के रूप में लौटाया जा रहा है। पहले चरण की लॉटरी मार्च में कराई गई थी, जिसमें करीब 600 प्लॉट आवंटित हुए थे। उस चरण में 31 जनवरी तक लैंड पूलिंग की प्रक्रिया पूरी करने वाले भू-स्वामियों को शामिल किया गया था। अब दूसरे चरण में बाद में प्रक्रिया पूरी करने वाले करीब 300 किसानों और भू-स्वामियों को शामिल किया गया है। एलडीए अधिकारियों के मुताबिक इस बार सेक्टर-15, 16, 17, 18 और 30 में स्थित प्लॉटों का आवंटन किया जाएगा। इनमें 35 वर्गमीटर से लेकर 288 वर्गमीटर तक के प्लॉट शामिल हैं। भू-स्वामियों को उनकी जमीन के अनुपात में छोटे और बड़े प्लॉट दिए जाएंगे। यदि किसी व्यक्ति को 25 प्रतिशत हिस्से से अधिक क्षेत्रफल का प्लॉट मिलता है तो अतिरिक्त जमीन के लिए एलडीए तय दरों के अनुसार शुल्क वसूलेगा। किसे किस सेक्टर में और कितने आकार का प्लॉट मिलेगा, इसका फैसला लॉटरी प्रक्रिया के जरिए किया जाएगा।


