होमगार्ड भर्ती परीक्षा का दूसरा दिन शुरू:अम्बेडकरनगर में रेटिना स्कैन से प्रवेश, पहले दिन 2853 अनुपस्थित

होमगार्ड भर्ती परीक्षा का दूसरा दिन शुरू:अम्बेडकरनगर में रेटिना स्कैन से प्रवेश, पहले दिन 2853 अनुपस्थित

अम्बेडकरनगर में होमगार्ड भर्ती परीक्षा का दूसरा दिन सुबह 10 बजे से 9 केंद्रों पर शुरू हो गया। परीक्षा को सुचारु और सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने व्यापक इंतजाम किए हैं। परीक्षा केंद्रों में प्रवेश से पहले अभ्यर्थियों की गहन जांच की जा रही है। सुरक्षा के मद्देनजर रेटिना स्कैन अनिवार्य किया गया है। परीक्षार्थियों को केवल काला या नीला पेन, प्रवेश पत्र और पहचान पत्र ही साथ ले जाने की अनुमति है। सभी परीक्षा केंद्र सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में हैं। परीक्षा को पारदर्शी और सुरक्षित बनाने के लिए सभी नौ केंद्रों पर सेक्टर और स्टेटिक मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं। पुलिस विभाग ने भी जोनल व सेक्टर प्रभारी नियुक्त किए हैं। बाहरी जनपदों से आने वाले अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए अकबरपुर रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड पर हेल्प डेस्क स्थापित किए गए हैं।
पुलिस कार्यालय में एक एकीकृत कंट्रोल रूम बनाया गया है, जहां से तकनीक के माध्यम से सभी केंद्रों की निगरानी की जा रही है। इसके अतिरिक्त, प्रत्येक केंद्र पर एक अलग कंट्रोल रूम भी स्थापित किया गया है। यह परीक्षा सोमवार तक और चलेगी, जिसमें कुल 21,312 अभ्यर्थी शामिल होंगे। प्रतिदिन दो पालियों में परीक्षा आयोजित की जा रही है, जिसमें प्रत्येक पाली में 3,552 परीक्षार्थी भाग लेंगे। पहली पाली सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक होगी। पहले दिन की परीक्षा में कुल 2,853 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे, जिनमें पहली पाली में 930 और दूसरी पाली में 1,923 अभ्यर्थी शामिल थे।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *