संतकबीरनगर पुलिस ने तीन शातिर बदमाश पकड़े:तमंचे के बल पर मोबाइल छीनने वाले गिरोह का खुलासा

संतकबीरनगर पुलिस ने तीन शातिर बदमाश पकड़े:तमंचे के बल पर मोबाइल छीनने वाले गिरोह का खुलासा

संतकबीरनगर में मोबाइल छीनने की घटनाओं का खुलासा करते हुए एसओजी और कोतवाली खलीलाबाद पुलिस की संयुक्त टीम ने तीन शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से छीने गए 6 मोबाइल फोन, एक अवैध तमंचा, कारतूस और वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल बरामद की है। सभी आरोपियों को जेल भेज दिया गया है। अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार सिंह ने पुलिस लाइन सभागार में आयोजित प्रेस वार्ता में बताया कि पकड़े गए आरोपी असलहे के बल पर राहगीरों और वाहन चालकों को निशाना बनाकर मोबाइल छीनने की वारदातों को अंजाम देते थे। हाल ही में एक ऑटो रिक्शा चालक से मोबाइल छीनने की घटना के बाद कोतवाली पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। पुलिस टीम तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने में सफल रही। पूछताछ के दौरान अभियुक्तों ने स्वीकार किया कि वे अपने एक अन्य साथी के साथ बरदहिया, गोला, विधियानी, मगहर और कटबंध सहित कई स्थानों पर मोटरसाइकिल से घूमकर लोगों को तमंचा दिखाकर मोबाइल छीन लेते थे। आरोपियों ने बताया कि 30 मई 2026 को उन्होंने मुखलिसपुर रोड पुल पर एक ऑटो चालक को रोककर उसका मोबाइल लूट लिया था। इसके अलावा, उन्होंने कई अन्य स्थानों पर भी राह चलते लोगों से मोबाइल छीनने की वारदातें की थीं। पुलिस के अनुसार, लूटे गए मोबाइल फोन अज्ञात लोगों को बेच दिए जाते थे और उससे मिलने वाले पैसे को आरोपी आपस में बांटकर खर्च करते थे। गिरफ्तार अभियुक्तों में सौरभ यादव पुत्र रामशब्द निवासी कसैला और प्रभात यादव पुत्र राजेश यादव निवासी निखरकपार थाना कोतवाली खलीलाबाद प्रमुख हैं। पुलिस ने सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। इस दौरान क्षेत्राधिकारी प्रियम राज शेखर पांडेय और कोतवाली प्रभारी जयप्रकाश दुबे सहित पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *