‘नए घर में डिमांड लेकर नहीं जाते’, संजू सैमसन ने CSK की कप्तानी के सवाल पर दिया ऐसा बयान, जिसने जीत लिया चेन्नई के फैंस का दिल

‘नए घर में डिमांड लेकर नहीं जाते’, संजू सैमसन ने CSK की कप्तानी के सवाल पर दिया ऐसा बयान, जिसने जीत लिया चेन्नई के फैंस का दिल

Sanju Samson CSK captaincy: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 के सीजन में मैदान के अंदर छक्कों की गूंज तो सुनाई दे ही रही है, लेकिन मैदान के बाहर एक ही चर्चा सबसे ज्यादा गर्म है, ‘क्या संजू सैमसन बनेंगे चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के अगले कप्तान?’ संजू सैमसन, जिन्हें इस सीजन की शुरुआत में राजस्थान रॉयल्स से 18 करोड़ रुपये की भारी-भरकम रकम में ट्रेड कर CSK में शामिल किया गया था, उन्होंने आखिरकार इन अफवाहों पर अपना फुल स्टॉप लगा दिया है।

‘नए घर में मांग लेकर नहीं जाते’

हाल ही में सुपर किंग्स पॉडकास्ट के एक प्रोमो में जब अभिनव मुकुंद ने कप्तानी को लेकर सवाल किया, तो संजू ने बहुत ही सादगी और गहराई से जवाब दिया। उन्होंने कहा, ‘ईमानदारी से कहूं तो मैंने यही सीखा है कि जब आप किसी नए घर में कदम रखते हैं, तो आप वहां ढेर सारी मांगें (Demands) लेकर नहीं जाते।’ संजू के इस बयान ने साफ कर दिया है कि फिलहाल उनका पूरा फोकस सिर्फ अपने खेल पर है, न कि कप्तानी छीनने पर।

आर अश्विन की भविष्यवाणी ने बढ़ाई हलचल

इस पूरे ड्रामे को हवा तब मिली जब दिग्गज स्पिनर आर अश्विन ने भविष्यवाणी करते हुए कहा था कि, ‘मैं कोई ज्योतिषी तो नहीं हूं, लेकिन मुझे संजू भविष्य में CSK की कप्तानी करते हुए जरूर दिख रहे हैं।’ अश्विन की इस बात ने फैंस के बीच खलबली मचा दी थी कि क्या ऋतुराज गायकवाड़ की कुर्सी खतरे में है?

CSK मैनेजमेंट का क्या है मानने

चेन्नई सुपर किंग्स के CEO काशी विश्वनाथन ने इस मामले पर टीम का रुख साफ कर दिया है। उन्होंने मौजूदा कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ पर पूरा भरोसा जताते हुए कहा कि ऋतुराज टीम को नई ऊंचाइयों पर ले जाने के लिए पूरी तरह सक्षम हैं। संजू के बारे में उन्होंने कहा, ‘हम संजू पर कप्तानी का दबाव नहीं डालना चाहते। हम जानते हैं कि वो कितने काबिल खिलाड़ी हैं और फिलहाल हम चाहते हैं कि वो खुलकर अपना खेल खेलें।’

संजू का बल्ला बोल रहा है

भले ही कप्तानी को लेकर सस्पेंस बना हो, लेकिन संजू के प्रदर्शन ने सबको हैरान कर दिया है। अब तक खेले गए 10 मैचों में संजू ने 402 रन ठोक दिए हैं, जिसमें दो शानदार शतक और एक अर्धशतक शामिल है। वह फिलहाल चेन्नई के लिए सबसे बड़े मैच विनर बनकर उभरे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *