सलूम्बर जिला कलेक्टर मुहम्मद जुनेद पीपी ने गुरुवार को राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, पाल सराड़ा का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विद्यालय की शैक्षणिक स्थिति और भौतिक संसाधनों का बारीकी से जायजा लिया। कलेक्टर ने रजिस्टर जांचने के साथ-साथ कक्षाओं में जाकर छात्र-छात्राओं के शैक्षणिक स्तर का भी आकलन किया। बालिकाओं को स्कूल आने जाने में मिलेगी सुविधा निरीक्षण के दौरान, जिला कलेक्टर ने राज्य सरकार की योजना के तहत पात्र छात्राओं को निःशुल्क साइकिलें वितरित कीं। कलेक्टर ने बताया कि इन साइकिलों के वितरण से दूर-दराज से आने वाली बालिकाओं को विद्यालय आने-जाने में सुविधा होगी, जिससे शिक्षा के प्रति उनका रुझान बढ़ेगा और ड्रॉप-आउट दर में कमी आएगी। कलेक्टर ने स्टूडेंट्स से पूछे सवाल कलेक्टर ने कक्षाओं का भ्रमण कर विद्यार्थियों से प्रश्न पूछे। उन्होंने शिक्षकों को निर्देश दिए कि शिक्षण कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतें और कमजोर विद्यार्थियों पर विशेष ध्यान देकर गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करें। विद्यालय पहुंचने पर प्रधानाचार्य और स्टाफ ने कलेक्टर का स्वागत किया। स्कूल परिसर में साफ-सफाई देखी कलेक्टर ने विद्यालय परिसर की स्वच्छता, शुद्ध पेयजल की उपलब्धता और शौचालयों की स्थिति का भी अवलोकन किया। मूलभूत सुविधाओं में कमी पाए जाने पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को तत्काल सुधारात्मक कार्यवाही करने के कड़े निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि विद्यार्थियों को बेहतर माहौल प्रदान करना प्रशासन की प्राथमिकता है। इस निरीक्षण के दौरान सराड़ा उपखंड अधिकारी (SDM) आकांक्षा दुबे, तहसीलदार आस्था रानी बामणिया सहित शिक्षा विभाग के ब्लॉक स्तरीय अधिकारी और विद्यालय का समस्त स्टाफ मौजूद रहा।


