कानपुर-सागर हाईवे पर सड़क हादसा:ट्रक की टक्कर से युवक की मौत, एक घायल; अज्योरी गांव के पास घटना

कानपुर-सागर हाईवे पर सड़क हादसा:ट्रक की टक्कर से युवक की मौत, एक घायल; अज्योरी गांव के पास घटना

सजेती थाना क्षेत्र में कानपुर-सागर हाईवे पर मंगलवार देर शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। यह हादसा अज्योरी गांव के पास उस समय हुआ, जब तेज रफ्तार ट्रक ने पीछे से बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। जानकारी के अनुसार, कल्याणपुर निवासी 42 वर्षीय प्रहलाद अपने गांव के ही साथी संतोष के साथ किसी काम से घाटमपुर गए थे। दोनों बाइक से वापस लौट रहे थे। जैसे ही वे अज्योरी गांव के पास पहुंचे, तभी हमीरपुर की ओर जा रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक में पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से वाहन समेत फरार हो गया। राहगीरों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और तुरंत एंबुलेंस की मदद से दोनों घायलों को हमीरपुर जिला अस्पताल भिजवाया। अस्पताल में डॉक्टरों ने प्रहलाद को मृत घोषित कर दिया, जबकि संतोष का इलाज जारी है। मृतक प्रहलाद अपने परिवार का सहारा था। उनके परिवार में एक बेटा और एक बेटी हैं। घटना की सूचना मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंच गए, जहां उनका रो-रोकर बुरा हाल है। इस हादसे से पूरे गांव में शोक की लहर फैल गई है। सजेती थाना प्रभारी अनुज भारती ने बताया कि घायल को अस्पताल पहुंचाने के साथ परिजनो को सूचना देकर मृतक युवक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है, तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *