सिवनी में सड़क हादसा, दो की मौत:दो बाइक और स्कूटी की भिड़ंत में छह घायल, जांच जारी

सिवनी में सड़क हादसा, दो की मौत:दो बाइक और स्कूटी की भिड़ंत में छह घायल, जांच जारी

सिवनी जिले के धनोरा थाना क्षेत्र अंतर्गत थावरी ग्राम के समीप मंगलवार दोपहर करीब 3 बजे हुए सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हो गई और छह अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। यह दुर्घटना दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने की भिड़ंत के बाद हुई, जिसमें पीछे से आ रही एक स्कूटी भी शामिल हो गई। जानकारी के अनुसार, थावरी गांव के पास तेज गति से आ रही दो मोटरसाइकिलों की जोरदार टक्कर हुई। टक्कर के बाद बाइक सवार सड़क पर गिर गए। इसी दौरान पीछे से आ रही एक स्कूटी का चालक नियंत्रण खो बैठा और दुर्घटनाग्रस्त मोटरसाइकिलों से जा टकराया। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे और घायलों की मदद की। धनोरा थाना पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की टीम भी घटनास्थल पर पहुंची। घायलों को तत्काल एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र धनोरा पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। इस हादसे में सुमान सिंह उइके (50 वर्ष) और गौतम उइके (20 वर्ष) की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घायलों में नरेंद्र परते, झलकन यादव, दुजिया बाई, ब्रजवती बाई, सुरेश्वती बाई और लक्ष्मी बाई शामिल हैं। सभी का उपचार चिकित्सकीय निगरानी में किया जा रहा है। धनोरा पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और वाहन चालकों की लापरवाही को हादसे का कारण माना जा रहा है। धनोरा थाना प्रभारी मनीष बंसोड़ ने बताया कि दो बाइक और एक स्कूटी की दुर्घटना में दो लोगों की मौत हुई है और छह घायल हैं। पुलिस ने वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने और नियंत्रित गति से वाहन चलाने की अपील की है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *