चीन (China) के हेनान (Henan) प्रांत में आज, गुरुवार, 28 मई को एक भीषण रोड एक्सीडेंट हो गया। तड़के सुबह नानयांग (Nanyang) शहर के पास G40 शंघाई-शीआन एक्सप्रेसवे पर यह हादसा हुआ। यात्रियों से भरी एक वैन जो ओवरलोडेड थी ने आगे चल रहे एक सेमी-ट्रेलर ट्रक में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। वैन में 16 लोग सवार थे, जबकि इसकी अधिकतम क्षमता सिर्फ 9 लोगों की थी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि 13 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। स्थानीय अधिकारियों ने इसकी पुष्टि की है। मृतकों की शिनाख्त करने का काम किया जा रहा है और परिजनों को सूचना दी जा रही है।
3 लोग हुए घायल
इस रोड एक्सीडेंट में 3 अन्य लोग घायल हो गए। घायलों को नज़दीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहाँ उनका इलाज चल रहा है।
मामले की जांच हुई शुरू
प्रांतीय ट्रैफिक पुलिस और पब्लिक सिक्योरिटी मिनिस्ट्री ने तुरंत अपनी टीम भेजकर इस मामले की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच के अनुसार यात्रियों से भरी वैन की स्पीड बहुत ही ज़्यादा थी और साथ ही ओवरलोडिंग भी थी क्योंकि उसमें क्षमता से ज़्यादा यात्री बैठे हुए थे। इसके अलावा वैन ड्राइवर की लापरवाही या थकान को भी संभावित वजह बताया जा रहा है। हालांकि अभी तक हादसे की सही वजह का खुलासा नहीं हुआ है और मामले की जांच जारी है।
ओवरलोडिंग और ट्रैफिक नियमों की बढ़ रही अनदेखी
चीन में ओवरलोडिंग और ट्रैफिक नियमों की अनदेखी एक सामान्य समस्या है और इस तरह के मामले बढ़ते जा रहे हैं। आए दिन ही इस तरह के रोड एक्सीडेंट्स देखने को मिलते हैं। चीन जैसे बड़े देश में हाईवे पर तेज़ गति और नियमों की अनदेखी अक्सर जान-माल के नुकसान की वजह बनती है।
रोड एक्सीडेंट्स के बढ़ते मामले गंभीर विषय
रोड एक्सीडेंट्स के बढ़ते मामले गंभीर विषय है। दुनियाभर में रोड एक्सीडेंट्स के मामले काफी बढ़ रहे हैं। हर साल कई लोग इन रोड एक्सीडेंट्स में अपनी जान गंवा देते हैं और उससे भी ज़्यादा लोग घायल हो जाते हैं। रोड सेफ्टी काफी अहम विषय है, लेकिन काफी प्रयासों के बावजूद भी रोड एक्सीडेंट्स के मामलों में कोई कमी नहीं हो रही है।


